
नई दिल्ली। श्री जगन्नाथ यात्रा पर्यटक ट्रेन बुधवार से चलेगी। आठ दिन की अपनी यात्रा में यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों को कवर करेगी। रेलवे ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह ट्रेन ओडिशा के पुरी मंदिर पर केंद्रित है। इसे रेलवे की महत्वाकांक्षी भारत गौरव पहल के तहत शुरू किया गया है।
रेलवे के अधिकारी ने जानकारी दी की यह पूरी ट्रेन AC की सुविधा वाली है। इसमें एक साथ 600 यात्री सवार हो सकते हैं। बुधवार को ट्रेन दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से खुलेगी। ट्रेन में AC थर्ड टियर के 10 कोच हैं। पर्यटक गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और लखनऊ रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हो सकते हैं।
वाराणसी में होगा पहला स्टॉपेज
दिल्ली से चलने के बाद ट्रेन का पहला स्टॉपेज वाराणसी में होगा। यहां पर्यटक काशी विश्वनाथ मंदिर का दर्शन कर पाएंगे और गंगा आरती देखेंगे। इसके बाद ट्रेन झारखंड के जसीडीह रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। यहां से पर्यटक बैद्यनाथ धाम मंदिर जाएंगे। ओडिशा में पर्यटकों को जगन्नाथ मंदिर का दर्शन कराया जाएगा। उन्हें बस से कोणार्क के सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर में कलिंग काल में बने मंदिरों के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा।
पर्यटक कर सकेंगे विष्णुपद मंदिर के दर्शन
ट्रेन का अंतिम स्टॉप बिहार का गया रेलवे स्टेशन है। यहां पर्यटक विष्णुपद मंदिर के दर्शन करेंगे। ट्रेन आठवें दिन दिल्ली लौटेगी। यह ट्रेन आठ दिन में करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। पर्यटकों को शाकाहारी भोजन मिलेगा। ट्रेन में यात्रियों के मनोरंजन के साथ-साथ सार्वजनिक घोषणाओं के लिए इंफोटेनमेंट सिस्टम भी लगाया गया है। प्रत्येक कोच में सीसीटीवी कैमरे और गार्ड की तैनात की जाएगी।
17,655 रुपए है किराया
बता दें कि देश भर में धार्मिक महत्व का भ्रमण लोग सुविधापूर्वक कर सकें इसके लिए आईआरसीटीसी द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आईआरसीटीसी ने आठ दिनों की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 17,655 रुपए किराया तय किया है।
यह भी पढ़ें- अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के 21 द्वीपों को PM ने दिया परमवीर चक्र विजेताओं का नाम, देखें कौन है कहां
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.