Viral Video Scam Alert: '2 मिनट वीडियो स्कैम' क्या है? क्या सिर्फ वीडियो लिंक पर क्लिक करने से बैंक अकाउंट खाली हो सकता है? वॉट्सऐप पर आए वीडियो लिंक कितने सेफ होते हैं? फर्जी वीडियो लिंक की पहचान कैसे करें? अगर गलती से वीडियो खोल लिया हो तो क्या करें?
Viral Video Link Scam Safety Tips: आजकल मोबाइल पर हर दिन दर्जनों वीडियो आते हैं। कुछ वीडियो इतने दिलचस्प होते हैं कि लोग बिना सोचे-समझे तुरंत क्लिक कर देते हैं। साइबर ठग आपकी इसी आदत का फायदा उठा रहे हैं। सिर्फ 2 मिनट का एक वीडियो आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकता है और कुछ ही मिनटों में बैंक अकाउंट साफ हो सकता है। साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन दिनों ऐसे वीडियो लिंक तेजी से फैलाए जा रहे हैं, जिन्हें देखने के बहाने लोगों के मोबाइल में मालवेयर, फर्जी ऐप या खतरनाक फाइल डाउनलोड कराई जाती है। कई मामलों में लोगों के बैंक अकाउंट, UPI और सोशल मीडिया अकाउंट तक खाली हो चुके हैं। अगर आपके मोबाइल पर भी इस तरह का कोई संदिग्ध वीडियो आता है, तो जान लें आपको इनसे कैसे बचना है और क्या करना चाहिए...

2 Minute Video Scam क्या है?
इस स्कैम में साइबर ठग वॉट्सऐप (WhatsApp), टेलीग्राम (Telegram), फेसबुक (Facebook), इंस्टाग्राम (Instagram) या SMS के जरिए एक वीडियो लिंक भेजते हैं। मैसेज में लिखा होता है, 'आपका वीडियो वायरल हो गया', 'इस वीडियो में आप दिख रहे हैं', 'देखिए कौन आपके बारे में क्या बोल रहा है'. '2 मिनट का वीडियो, पूरा सच जानिए..'जैसे ही कोई भी लिंक पर क्लिक करता है, उसे किसी फर्जी वेबसाइट या फेक ऐप डाउनलोड पेज पर भेज दिया जाता है। इसके बाद स्कैम का खेल शुरू हो जाता है।
किन लोगों को सबसे ज्यादा निशाना बनाया जा रहा?
- वॉट्सऐप यूजर्स
- ऑनलाइन बैंकिंग करने वाले लोग
- UPI इस्तेमाल करने वाले कस्टमर
- बुजुर्ग नागरिक
- नए स्मार्टफोन यूजर्स
बैंक अकाउंट कैसे खाली हो सकता है?
1. फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाना
वीडियो देखने के नाम पर APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती है। जैसे ही ऐप इंस्टॉल होती है, वो मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश करती है।
2. OTP और SMS पढ़ना
कुछ मालवेयर फोन में मौजूद SMS पढ़ सकते हैं। इससे बैंक OTP और वैरिफिकेशन कोड चुराए जा सकते हैं।
3. UPI की जानकारी चुराना
फर्जी पेज पर UPI PIN, बैंक डिटेल्स या कार्ड जानकारी भरवाने की कोशिश की जाती है।
4. स्क्रीन शेयर करवाना
कई बार वीडियो नहीं खुलने का बहाना बनाकर AnyDesk, TeamViewer या दूसरी रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करने को कहा जाता है। इसके बाद ठग आपके मोबाइल की स्क्रीन देख सकते हैं।
वीडियो लिंक फर्जी है, कैसे पहचानें?
- लिंक किसी अनजान नंबर से आया हो।
- वेबसाइट का नाम अजीब हो।
- वीडियो देखने के लिए ऐप डाउनलोड करने को कहा जाए।
- तुरंत क्लिक करने का दबाव बनाया जाए।
- 'अभी देखो', 'सीक्रेट वीडियो', 'वायरल क्लिप' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाए।
अगर गलती से लिंक खुल जाए, तो क्या करें?
- सबसे पहले मोबाइल का Wi-Fi और मोबाइल डेटा ऑफ कर दें। इससे संदिग्ध ऐप या फाइल का डेटा ट्रांसफर रुक सकता है।
- अपने बैंक अकाउंट, UPI हिस्ट्री और हाल की ट्रांजैक्शन तुरंत देखें। कोई अनजान लेनदेन दिखे तो तुरंत बैंक से संपर्क करें।
- हाल में डाउनलोड की गई किसी अनजान ऐप को तुरंत अनइंस्टॉल करें। फोन की ऐप लिस्ट ध्यान से चेक करें।
- गूगल अकाउंट, बैंकिंग ऐप, UPI और सोशल मीडिया के पासवर्ड तुरंत बदल दें। जहां पॉसिबल हो वहां 2FA (Two-Factor Authentication) भी ऑन करें।


