
Gandhi Mandela Award: गांधी मंडेला पुरस्कार तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मैकलोडगंज में गांधी-मंडेला फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में दलाई लामा को यह पुरस्कार दिया। पुरस्कार समारोह में अर्लेकर ने कहा कि गांधी-मंडेला पुरस्कार के लिए दलाई लामा दुनिया में सबसे योग्य और शांति के यूनिवर्सल राजदूत हैं। आज दुनिया को जिस अहिंसा और करुणा के सिद्धांतों पर चलने की आवश्यकता है उसे दलाई लामा के बताए रास्तों पर चलकर पाया जा सकता है।
विश्व शांति का संदेश दुनिया में फैला रहे दलाई लामा
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने कहा कि आज की तारीख में अहिंसा का सिद्धांत दुनिया में सबसे अधिक आवश्यक है जो किसी भी सेना से अधिक प्रभावी है। दलाई लामा सद्भावना, करुणा और प्रेम की सदियों पुरानी संस्कृति को आगे ले गए हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के बाद केवल दलाई लामा में ही विश्व नागरिक बनने की क्षमता थी क्योंकि वह सीमाओं से बंधे नहीं थे।
अहिंसा और शांति हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति का हिस्सा
पुरस्कार स्वीकार करने के बाद दलाई लामा ने कहा कि अहिंसा और करुणा वैश्विक शांति का मूलमंत्र है। यह सिद्धांत हजारों साल से भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहा है। किसी भी समस्या का समाधान युद्ध से नहीं बल्कि बातचीत और शांति से किया जा सकता है।
युवा पीढ़ी को दलाई लामा के जीवन से सीख लेनी चाहिए
पुरस्कार समारोह में शामिल हुए भारत के पूर्व चीफ जस्टिस केजी बालाकृष्णन ने कहा कि दलाई लामा पूरे विश्व में शांति के नेता हैं। वह दुनिया के एक बड़े समुदाय के रक्षक हैं। युवा पीढ़ी को उनके सिद्धांतों और शिक्षाओं से सीख लेनी चाहिए। उनके बताए रास्ते पर चलकर विश्व शांति की स्थापना की जा सकती है।
किसको दिया जाता है पुरस्कार
अहिंसा के स्तंभ पुरुष महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के नाम पर गांधी मंडेला पुरस्कार दिया जाता है। यह पुरस्कार वैश्विक शांति और स्वतंत्रता के हित में काम करने और महात्मा गांधी व नेल्सन मंडला के आदर्शों व मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार, उन वैश्विक नेताओं को दिया जाता है जो नागरिकों को शांति, एकता और स्वतंत्रता केलिए प्रेरित करते हैं। पुरस्कार को गांधी मंडेला फाउंडेशन की ओर से दिया जाता है।
यह भी पढ़ें:
डॉ.अंबेडकर को लेकर क्या बोल गए शशि थरूर...महिलाओं को लेकर उनके नजरिए पर की खुलकर बात
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.