
चीन में पड़ोसियों का झगड़ा एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया, जिसके बारे में सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां एक शख्स ने अपने पड़ोसी से बदला लेने के लिए दिन-रात तेज आवाज में भूतिया कहानियां बजानी शुरू कर दीं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अजीबोगरीब मामला अब पूरे चीन में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला ग्वांगझू शहर का है। यहां रहने वाले लू और उनके रूममेट ली का अपने पड़ोसी शी से किसी बात पर झगड़ा हो गया। झगड़े की वजह तो साफ नहीं है, लेकिन बदला लेने के लिए लू और ली ने अपने घर की दीवार पर एक लाउडस्पीकर लगा दिया। इसके बाद वे उस पर डरावनी भूतिया कहानियां बजाने लगे।
यह सिलसिला सुबह 8:45 से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 3:30 से रात 10 बजे तक चलता था। यानी दिन में 10 घंटे से भी ज्यादा समय तक पड़ोसी के घर में डरावनी आवाजें गूंजती रहती थीं। इस हरकत से सिर्फ उनके पड़ोसी ही नहीं, बल्कि बिल्डिंग में रहने वाले दूसरे लोग भी परेशान हो गए। सबसे ज्यादा दिक्कत दो मंजिल ऊपर रहने वाले किउ नाम के शख्स को हुई। किउ का बेटा एक कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहा था और इस शोर की वजह से वह शांति से पढ़ नहीं पा रहा था।
शुरुआत में अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं कर पाए, क्योंकि शोर का लेवल कानूनी सीमा के अंदर था। दिन में 60 डेसिबल और रात में 50 डेसिबल की इजाजत है, जबकि किउ के घर में शोर सिर्फ 36 डेसिबल था। लेकिन जब किउ को यह समझ आया कि यह सब जानबूझकर परेशान करने के लिए किया जा रहा है, तो उन्होंने कोर्ट जाने का फैसला किया।
किउ ने ग्वांगझू हाइझू डिस्ट्रिक्ट पीपुल्स कोर्ट में 'प्री-लिटिगेशन इंजंक्शन' (मुकदमे से पहले रोक का आदेश) के लिए अर्जी दी। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई की और किउ के पक्ष में फैसला सुनाया। कोर्ट ने लू को तुरंत शोर बंद करने का आदेश दिया। कोर्ट के अधिकारियों की मौजूदगी में लू ने अपने घर से ऑडियो उपकरण हटाए और रिकॉर्डिंग को नष्ट कर दिया। उसने कोर्ट में यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह ऐसी हरकत नहीं करेगा, जिसके बाद यह मामला शांत हुआ।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।