
Seep Ambar Micro Irrigation Project: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 नवंबर को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया। करीब 536.23 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को लाभ होगा। परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र को 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इनमें पांच सड़कों, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि-पूजन किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के शुरू होने से अब नर्मदा का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जब सूखे खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिलता है, तो फसल सोने जैसी हो जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर रही है। किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002-03 तक मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा करीब 7.5 लाख हेक्टेयर था। इसके बाद प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ और वर्ष 2023 तक यह आंकड़ा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में सिंचित क्षेत्र में 20 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है और अब यह 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1.70 लाख रुपये हो गई है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं। गांवों तक पक्की सड़कें पहुंचाई जा रही हैं और युवाओं को रोजगार देने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरियों में भी अवसर दिए जा रहे हैं। अगले वर्ष पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी इस यात्रा में अपनी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में अधिकार दिलाने का संकल्प लिया है। मध्य प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकायों में महिलाओं को पहले से ही 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की शुरुआत से अब तक महिलाओं को 60 हजार करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सलकनपुर में माता विजयासन का भव्य लोक विकसित किया जा रहा है। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक, चित्रकूट और ओरछा में भगवान श्रीराम से जुड़े धार्मिक स्थलों तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों को भी भव्य तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल खेती पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरीपालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पिछले वर्ष नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के साथ समझौता किया था। इसके बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपये तक की बढ़ोतरी का लाभ मिलने लगा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मध्य प्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है और सरकार इसे पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय 1,000 रुपये मासिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, मान्यता प्राप्त गोशालाओं में प्रति गोमाता अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किया गया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीहोर और बुधनी क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को इस परियोजना का लाभ मिलेगा। यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री और सीहोर जिले की प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को समृद्ध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। वहीं, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण, युवा कल्याण, नारी कल्याण और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के माध्यम से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। करीब 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों को फायदा पहुंचेगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।