
दिल्ली की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राजधानी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार (14 मई) को घोषणा करते हुए कहा कि अब दिल्ली सरकार के सभी सरकारी दफ्तरों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाएगा। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बाद लिया गया है, जिसका उद्देश्य आर्थिक स्थिरता के साथ-साथ संसाधनों का बेहतर प्रबंधन बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कदम केवल सरकारी तंत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निजी क्षेत्र को भी इससे जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
सरकार की ओर से निजी कंपनियों को भी एडवाइजरी जारी की गई है कि जहां संभव हो, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाए। खासकर उन क्षेत्रों में जहां काम ऑनलाइन या डिजिटल माध्यम से किया जा सकता है। श्रम विभाग को इस व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि इसका सही ढंग से पालन हो सके।
यह भी पढ़ें: जैसे ही चालू किया AC, अंदर से रेंगते निकले 3 जहरीले सांप… घर में मच गया हड़कंप-WATCH
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकारी अधिकारियों और मंत्रियों के काफिलों में भी कटौती की गई है। इसके साथ ही सरकारी वाहनों को दिए जाने वाले ईंधन (पेट्रोल-डीजल) में 20 प्रतिशत की कटौती का निर्णय लिया गया है। पहले जिन अधिकारियों को 200 से 250 लीटर तक ईंधन मिलता था, अब उसमें कमी की जाएगी। इसके अलावा सरकार ने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने का भी निर्णय लिया है।
सरकार ने प्रशासनिक कामकाज को और अधिक डिजिटल बनाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी बैठकों में से 50 प्रतिशत बैठकें वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जिन अधिकारियों को वाहन भत्ता मिलता है, अगर वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं तो उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग को बढ़ाने पर भी जोर दिया है। बसों के रूट को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें। सोमवार को विशेष रूप से लोगों को मेट्रो के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि सड़क यातायात का दबाव कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने अदालतों से अपील की है कि अधिक से अधिक मामलों की सुनवाई वर्चुअल माध्यम से की जाए, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो सके।
दिल्ली सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि अगले तीन महीनों तक राजधानी में बड़े सार्वजनिक आयोजनों पर रोक रहेगी। साथ ही पर्यटन को ध्यान में रखते हुए एक विशेष ट्रैवल प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें: GDA Plot Scheme 2026: गाजियाबाद में सरकारी प्लॉट खरीदने का मौका, 14 लाख से शुरू होगी कीमत
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।