GDA Plot Scheme 2026 के तहत गाजियाबाद के मधुबन और बापूधाम में 14 लाख रुपये से सरकारी प्लॉट मिलेंगे। ई-लॉटरी से आवंटन होगा। जानिए आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, किस्तों की सुविधा और प्लॉट की पूरी कीमत।
Ghaziabad Housing Scheme: अगर आप गाजियाबाद में अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत और अवसर दोनों लेकर आई है। Ghaziabad Development Authority यानी GDA ने वर्ष 2026 के लिए नई आवासीय भूखंड योजना लॉन्च की है। इस योजना के तहत मधुबन और बापूधाम इलाके में अलग-अलग आकार के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे।
तेजी से बढ़ती आबादी और आवासीय मांग के बीच GDA की यह योजना उन लोगों के लिए खास मानी जा रही है, जो सुरक्षित और सरकारी विकल्प के जरिए जमीन खरीदना चाहते हैं। खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और ई-लॉटरी प्रणाली के जरिए पूरी होगी, जिससे पारदर्शिता बनाए रखने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें: बाली के बंदरों से पंगा पड़ा महंगा! भारतीय महिला का चश्मा लेकर भागा, वीडियो वायरल
40 से 200 वर्गमीटर तक मिलेंगे प्लॉट
GDA की मधुबन-बापूधाम आवासीय भूखंड योजना 2026 के तहत 40 वर्गमीटर से लेकर 200 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे। अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए इनकी कीमत तय की गई है। प्राधिकरण के अनुसार:
- 40 वर्गमीटर प्लॉट की कीमत करीब 14 लाख रुपये
- 60 वर्गमीटर प्लॉट लगभग 21 लाख रुपये
- 90 वर्गमीटर प्लॉट करीब 31.50 लाख रुपये
- 150 वर्गमीटर प्लॉट लगभग 52.50 लाख रुपये
- 200 वर्गमीटर प्लॉट की कीमत करीब 70 लाख रुपये रखी गई है
इस योजना को शहर के मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वालों के लिए बड़ा मौका माना जा रहा है।
पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
GDA के मुताबिक योजना में आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जा सकेगा। इच्छुक आवेदक आधिकारिक पोर्टल और जनहित वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय आधार कार्ड और पैन कार्ड अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा योजना की विवरण पुस्तिका 11 मई 2026 से 25 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए 1100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
ई-लॉटरी से होगा आवंटन
सभी प्लॉट का आवंटन ई-लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि इससे प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और किसी प्रकार की मैनुअल गड़बड़ी की संभावना नहीं होगी। पंजीकरण के समय सामान्य वर्ग के आवेदकों को कुल कीमत का 10 प्रतिशत जमा करना होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 5 प्रतिशत तय की गई है।
किस्तों में भुगतान की सुविधा
GDA ने खरीदारों को भुगतान में भी राहत दी है। योजना के तहत आठ किस्तों में भुगतान करने की सुविधा दी गई है। हालांकि किस्तों पर 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज लागू होगा।
वहीं यदि कोई आवेदक एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे 6 प्रतिशत की छूट मिलेगी। प्राधिकरण ने दावा किया है कि पूरी राशि जमा होने के बाद तीन साल के भीतर कब्जा सौंप दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की गई हैं:
- आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए
- उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए
- आवेदक या उसके परिवार के नाम गाजियाबाद में पहले से कोई संपत्ति नहीं होनी चाहिए
- उत्तर प्रदेश में एक से अधिक आवासीय संपत्ति होने पर आवेदन अमान्य माना जा सकता है
रियल एस्टेट बाजार को मिल सकती है नई दिशा
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि GDA की यह नई योजना गाजियाबाद के प्रॉपर्टी बाजार को नई दिशा दे सकती है। सरकारी प्लॉट योजनाओं में लोगों का भरोसा अधिक रहता है और यही वजह है कि लॉन्च से पहले ही इस स्कीम को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें: Thalapathy Vijay की जिंदगी के वो अनसुने पन्ने, जिन्हें कभी नहीं दिखाया गया!
