बाली के उलूवाटु मंदिर में एक बंदर ने भारतीय पर्यटक का चश्मा छीन लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह घटना साझा कर पर्यटकों को सावधान किया, क्योंकि वहां बंदर फोन और चश्मा छीनने के लिए कुख्यात हैं।

"टूरिस्ट जगहों पर बंदरों से सावधान रहें!" ये चेतावनी आपने कई बार सुनी होगी। लेकिन जब ये खुद के साथ होता है, तो पता चलता है कि ये कितनी बड़ी मुसीबत है। ऐसा ही कुछ हुआ भारतीय महिला प्रीति जैन के साथ, जो इंडोनेशिया के बाली में छुट्टियां मनाने गई थीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रीति जैन, जो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, ने अपना अनुभव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि बाली ट्रिप के लिए उन्होंने खास तौर पर एक नया पावर वाला सनग्लास खरीदा था। लेकिन जैसे ही वो मशहूर उलूवाटु मंदिर पहुंचीं, एक बंदर झपट्टा मारकर उनका चश्मा ले उड़ा।

प्रीति ने इसका एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें बंदर उनका चश्मा लिए बैठा दिख रहा है। उन्होंने लिखा, "बाली के बंदर, खासकर उलूवाटु मंदिर के, बहुत डरावने और खतरनाक हैं। वे आपका फोन और चश्मा छीनने के लिए हमेशा मौके की तलाश में रहते हैं।"

चश्मा खोने से प्रीति को काफी दिक्कत हुई। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि उनके पास एक और चश्मा था, जिसकी वजह से उनकी आगे की यात्रा बच गई। वरना उन्हें बहुत परेशानी होती। उन्होंने यह भी कहा कि राहत की बात ये है कि बंदर उनका महंगा 'प्राडा' का सनग्लास नहीं ले गया और उनका फोन भी बच गया।

Scroll to load tweet…

प्रीति ने सलाह दी कि उलूवाटु मंदिर के बंदर बच्चों पर भी हमला करने से नहीं हिचकिचाते। इसलिए यहां आते वक्त बहुत सावधान रहें या हो सके तो इस जगह पर जाने से बचें। उन्होंने बताया कि सूर्यास्त देखने के लिए उलूवाटु में 'मालिनी कैफे' जैसी दूसरी बेहतर जगहें भी हैं। वो तो सिर्फ 'केचक' डांस देखने की इच्छा से मंदिर गई थीं। उनकी पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट कर अपने ऐसे ही अनुभव भी बांटे।