कौन है हेलिया फत्ताही जिसके गर्भवती होने पर मां-बाप बने कातिल, मासूम पर भी नहीं आया रहम

Published : Nov 25, 2026, 12:07 PM IST
Helia Fattahi Iran Honor Killing

सार

ईरान में दो महीने की गर्भवती होने की बात बताने पर माता-पिता ने अपनी ही 19 साल की बेटी हेलिया फत्ताही की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया, मामला ऑनर किलिंग का है।

Horror Killing in Iran: ईरान में ऑनर किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दंपति पर अपनी ही बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि बेटी ने अपने माता-पिता को बताया था कि वह दो महीने की गर्भवती है। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना को ऑनर किलिंग बताया है।

क्या है पूरा मामला?

  • यह घटना पिछले सप्ताह ईरान के पश्चिमी कुर्दिस्तान प्रांत की राजधानी सनंदाज में हुई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हेलिया फत्ताही नाम की युवती की हत्या के मामले में उसके माता-पिता ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
  • कुर्दिस्तान प्रांत की क्रिमिनल पुलिस के प्रमुख शरम अब्दी ने बताया कि पुलिस को एक युवती की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारी जांच के लिए उसके घर पहुंचे।
  • मामले की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने युवती के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हेलिया फत्ताही की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
  • हालांकि, हेलिया की उम्र को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, वह 19 साल की थी, जबकि ईरानी मानवाधिकार संगठन 'हाना' का कहना है कि उसकी उम्र महज 16 साल थी। इस संगठन ने उसकी हत्या को ऑनर किलिंग करार दिया है।

ईरान में महिलाओं का बुरा हाल

  • इस घटना ने ईरान में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। एक हफ्ते से कुछ अधिक समय में ईरान में किसी युवा महिला की हत्या का यह तीसरा मामला है।
  • पिछले बुधवार (18 नवंबर) को, गिलान प्रांत में 23 वर्षीय सदाफ हघबिन की उसके जन्मदिन की पार्टी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला उसका पूर्व प्रेमी था, जिसे सदाफ ने शादी करने से मना कर दिया था।
  • इससे पहले, केरमानशाह में 16 वर्षीय स्कूली छात्रा सोगंद सयादी की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई।
  • शिक्षकों के यूनियनों के एक राष्ट्रीय नेटवर्क ने बताया कि छात्रा ने स्कूल स्टाफ को चेतावनी दी थी कि अगर उसे उसके पिता के साथ घर भेजा गया, तो वे उसकी हत्या कर देंगे।
  • इस हफ्ते की शुरुआत में, ईरानी अधिकारियों ने एक मशहूर गायिका और उनकी टीम के चार सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे। यह कार्रवाई तब की गई जब यूट्यूब पर उनके एक परफॉरमेंस को लाखों बार देखा गया।
  • 29 वर्षीय परस्तू अहमदी को जून में कोड़े मारने की सजा सुनाई गई थी। उनके साथ चार संगीतकारों और उनकी टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यही सजा मिली। यह मामला दिसंबर 2024 में ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक कॉन्सर्ट से जुड़ा है।
  • इस परफॉरमेंस में, अहमदी एक बड़े फारसी कालीन से सजे, कम रोशनी वाले मंच पर खाली दर्शकों के सामने बेहद प्रभावशाली और दुख भरे गीत गा रही थीं।

क्या होती है ऑनर किलिंग?

  • ऑनर किलिंग यानी सम्मान के नाम पर हत्या ऐसे अपराध हैं, जिनमें परिवार के सदस्य ही किसी महिला की जान ले लेते हैं। इसकी वजह यह होती है कि परिवार को लगता है कि महिला के किसी फैसले या व्यवहार से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान पहुंचा है।
  • इस तरह की घटनाएं समाज में गहराई तक बैठी सम्मान की धारणाओं और महिलाओं के व्यवहार पर नियंत्रण रखने की सोच से जुड़ी होती हैं। जबरन शादी से इनकार करना, यौन हिंसा का शिकार होना, तलाक मांगना या सामाजिक मान्यताओं से अलग रिश्ता बनाना भी ऐसी हत्याओं की वजह बन सकता है।

ईरान में ऑनर किलिंग पर शोध में क्या सामने आया?

  • साल 2020 में 'द लैंसेट साइकियाट्री' में प्रकाशित एक रिसर्च पेपर में ईरान और पश्चिम एशिया में ऑनर किलिंग और महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर स्टडी की गई। इस शोध को बीजन पिरनिया, फरीबोर्ज़ पिरनिया और काम्बिज पिरनिया ने किया था।
  • रिसर्चर्स के मुताबिक, ऐसे अपराध समाज में मौजूद सम्मान की उन धारणाओं से जुड़े हैं, जो वहां की परंपराओं, मूल्यों और रीति-रिवाजों में गहराई तक समाई हुई हैं।

ईरान में एक सप्ताह में हत्या के तीन चर्चित मामले

'ईरान इंटरनेशनल' के अनुसार, एक सप्ताह से कुछ अधिक समय में किसी युवती या लड़की की हत्या का यह तीसरा चर्चित मामला है। ईरानी मीडिया की खबरों के आधार पर न्यूज आउटलेट ने बताया कि 21 मार्च से 13 अक्टूबर के बीच देश में कम से कम 84 महिलाओं और लड़कियों की हत्या हुई। इनमें 75 मामलों में आरोपी ऐसे लोग थे, जो पीड़ितों को पहले से जानते थे।

हर घंटे गई 5 महिलाओं की जान

  • इस घटना के बीच संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में भी दुनिया भर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की गंभीर स्थिति सामने आई है।
  • रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में दुनियाभर में 47 हजार से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों की हत्या उनके रिश्तेदारों ने कर दी।
  • इसका मतलब है कि हर घंटे औसतन करीब पांच महिलाओं या लड़कियों की जान गई। संयुक्त राष्ट्र के ये आंकड़े पिछले वर्षों के मुकाबले लगभग समान हैं।
  • इससे साफ होता है कि परिवार के सदस्यों द्वारा महिलाओं और लड़कियों की हत्या की घटनाओं में अब तक कोई बड़ी कमी नहीं आई है।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

UP Politics: ''डायनासोर लौट आएंगे, लेकिन कांग्रेस नहीं!' आनंद दुबे के बयान से यूपी की सियासत में हलचल
UP Chunav 2027: SP-कांग्रेस में गठंबधन होगा या नहीं? अखिलेश के सांसद ने Rahul को दिया कड़ा जवाब!