
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की रैली सिर्फ बीजेपी के खिलाफ हमलों तक सीमित नहीं रही। मंच पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के कुछ शब्दों ने विपक्षी राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। कभी कांग्रेस की मुखर आलोचक रहीं ममता ने अपने भाषण की शुरुआत सोनिया गांधी को ‘मेरी नेता’ कहकर नमस्ते करने से की। इतना ही नहीं, उन्होंने राहुल गांधी को लड़ाई लड़ रहा युवा नेता बताया। उनके इस बदले अंदाज को विपक्षी एकजुटता के नए संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
रामलीला मैदान में ममता बनर्जी सोनिया गांधी के बगल में बैठी नजर आईं। भाषण की शुरुआत में उन्होंने कहा, “मेरी नेता सोनिया जी को मेरा नमस्ते।” यह संबोधन इसलिए खास रहा, क्योंकि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस लंबे समय से एक-दूसरे की राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रही हैं।
यह भी पढ़ें: 'कहां गई 10 लाख की भीड़?' रामलीला मैदान की रैली पर संबित पात्रा ने राहुल गांधी को घेरा
ममता ने राहुल गांधी को लड़ाई लड़ रहे युवा नेता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का भी नाम लिया। खास बात यह रही कि उन्होंने माकपा महासचिव एमए बेबी और वामपंथी नेतृत्व की भूमिका की भी सराहना की।
ममता और कांग्रेस के रिश्ते हमेशा उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। बंगाल में दोनों दलों के बीच राजनीतिक मुकाबला रहा है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन की रणनीति और नेतृत्व को लेकर भी मतभेद सामने आते रहे हैं। ऐसे में सोनिया और राहुल की खुलकर तारीफ को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर ममता बनर्जी ने सवाल उठाए थे। उस दौरान राहुल गांधी ने उनका समर्थन करते हुए चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इसके बाद ममता की सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात भी हुई। अब रामलीला मैदान में उनका भाषण इस बदलते संवाद को और चर्चा में ले आया है।
ममता का राहुल गांधी के साथ एक ही कार में रैली स्थल पहुंचना और सोनिया गांधी के बगल में बैठना भी चर्चा का विषय रहा। हालांकि, इन घटनाओं को कांग्रेस और TMC के बीच किसी औपचारिक राजनीतिक समझौते का संकेत मानना जल्दबाजी होगी। फिलहाल इतना जरूर है कि ममता के संबोधन ने विपक्षी एकजुटता और दोनों दलों के रिश्तों पर नई बहस शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: MP में मकान-प्लॉट की रजिस्ट्री का पैसा देगी सरकार! मोहन यादव ने लाखों लोगों को दी बड़ी राहत
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।