
Ekta Bhangde Case: महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पिंपरी-चिंचवाड़ के थेरगांव इलाके में एक महिला और उसके 6 साल के बेटे की 18वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय एकता भांगड़े और उनके बेटे माधव भांगड़े के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को घर की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपनी बीमारी और पति की दूसरी शादी को लेकर बात लिखी थी।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। एकता अपने बेटे माधव के साथ पिंपरी-चिंचवाड़ के थेरगांव स्थित सिग्नेचर पार्क सोसाइटी में रहती थीं। परिवार पिछले करीब दो साल से इसी इमारत की सातवीं मंजिल पर रह रहा था।
शुक्रवार शाम सोसाइटी के डक्ट एरिया से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां एकता और उनका बेटा गंभीर हालत में पड़े मिले। इस घटना में दोनों की मौत हो गई।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को बिल्डिंग के CCTV फुटेज में मां-बेटे की गतिविधियां दिखाई दीं। फुटेज के मुताबिक, दोनों लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नीचे गिरने से पहले उन्होंने अपनी चप्पलें उतार दी थीं। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, एकता पिछले कुछ वर्षों से रीढ़ की हड्डी से जुड़ी गंभीर बीमारी से परेशान थीं। पुलिस को घर की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने अपनी मौत के बाद पति से दूसरी शादी करने की बात लिखी थी।
हालांकि, महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और घटना के पीछे बीमारी के अलावा कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एकता के पति मनोज भांगड़े (35) यरवदा स्थित एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने ऑफिस के लिए निकले थे। शाम को सोसाइटी में हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
वाकड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, CCTV फुटेज और सुसाइड नोट की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
(आत्महत्या किसी भी समस्या का हल नहीं है। मुश्किल वक्त में हार न मानें और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद लें। अगर आपके मन में ऐसे विचार आते हैं, तो तुरंत 'दिशा' हेल्पलाइन पर कॉल करें। टोल-फ्री नंबर: 1056, 0471-2552056)
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।