
Vijeta Dahiya Biography: NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद Cockroach Janta Party (CJP) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया अचानक चर्चा में आ गए। प्रदर्शन के दौरान सामने आए बर्गर खाने के एक वायरल वीडियो के बाद पार्टी ने उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया। इसके बाद लोगों के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई कि आखिर विजेता दहिया कौन हैं और उनका अब तक का सफर कैसा रहा। जानिए विजेता दहिया के एजुकेशन, करियर, फैमिली बैकग्राउंड समेत उनके लाइफ की रोचक बातें।
हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव में मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे विजेता दहिया की शुरुआती पढ़ाई होली चाइल्ड स्कूल से हुई। उनके पिता शिक्षक रहे हैं। छात्र जीवन में उन्होंने ट्यूशन पढ़ाकर अपना जेब खर्च और पढ़ाई से जुड़ी जरूरतें पूरी कीं। आगे चलकर उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) से प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। अपना खर्च चलाने के लिए कॉलेज के दिनों में वे ट्यूशन पढ़ाते थे।
कॉलेज खत्म होने के बाद उनका कैंपस प्लेसमेंट रैनबैक्सी लैब में हुआ, लेकिन उनका मन हमेशा रचनात्मक क्षेत्र में था। इसी वजह से वे मुंबई पहुंचे और फिल्म इंडस्ट्री में अवसर तलाशने लगे। हालांकि, शुरुआती संघर्ष के बाद उन्होंने संयुक्त स्नातक स्तरीय (SSC CGL) परीक्षा पास की और वर्ष 2012 में विदेश मंत्रालय में नौकरी शुरू की। करीब तीन साल तक वहां काम करने के बाद उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर मीडिया और कंटेंट की दुनिया का रुख किया।
ये भी पढ़ें- कौन हैं विजेता दहिया? बर्गर खाते हुए VIDEO हुआ वायरल, CJP ने प्रवक्ता पद से हटाया
विजेता दहिया ने हरियाणवी फिल्मों और वेब सीरीज पर भी काम किया। उनकी फिल्मों 'दरारें' और 'ओपरी-पराई' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जबकि ओपरी-पराई को फरीदाबाद फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट वेब सीरीज का सम्मान भी मिला। लेखन के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। उनकी किताबें 'Power of Universe', 'To Hell With That Job' और हिंदी पुस्तक 'भाड़ में जाए नौकरी' प्रकाशित हो चुकी हैं। यह किताब उनके करियर, संघर्ष और जीवन के अनुभवों पर आधारित है। इसके अलावा उन्होंने करीब पांच साल तक यूट्यूबर ध्रुव राठी के साथ रिसर्चर और स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्हें राजनीति, इतिहास और समसामयिक मुद्दों पर रिसर्च आधारित कंटेंट तैयार करने का अनुभव मिला। फिलहाल वे स्वतंत्र रूप से रिसर्च और कंटेंट राइटिंग का काम कर रहे हैं। क्वोरा हिंदी पर उन्हें 'बेहतरीन लेखक' के रूप में भी सम्मानित किया जा चुका है।
विजेता दहिया के मुताबिक, वे किसी व्यक्तिगत पहचान की वजह से नहीं, बल्कि अभियान के उद्देश्य से प्रभावित होकर Cockroach Movement से जुड़े। उनका कहना है कि ध्रुव राठी ने उनसे इस पहल का संदेश लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया था। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान के लिए उन्होंने कोई पारिश्रमिक नहीं लिया। उनके अनुसार, इस पहल का मकसद लोगों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना और जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
ये भी पढ़ें- बारिश में पहुंचा खाने का पैकेट, खुला तो निकला मुंबई वाले का नाम... जंतर-मंतर पर दिखी इंसानियत की मिसाल
NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें विजेता दहिया कथित तौर पर एक फास्ट-फूड आउटलेट में बर्गर खाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद उनकी भूमिका पर सवाल उठे। विवाद बढ़ने पर Cockroach Janta Party ने आधिकारिक बयान जारी कर उन्हें प्रवक्ता पद से हटाने और सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त करने की घोषणा की। पार्टी का कहना था कि उनका आचरण आंदोलन की भावना और संगठन के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं माना गया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।