
Vijeta Dahiya Burger Video: दिल्ली में NEET परीक्षा पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए Cockroach Janta Party (CJP) के प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रवक्ता विजेता दहिया अचानक सुर्खियों में आ गए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर एक फास्ट-फूड आउटलेट पर बर्गर खाते दिखाई दिए। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया, जब प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की खबरें चर्चा में थीं। वीडियो वायरल होने के बाद दहिया की भूमिका और उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे।
विवाद बढ़ने के बाद CJP ने आधिकारिक बयान जारी कर विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटा दिया। पार्टी ने कहा कि उनका व्यवहार आंदोलन की भावना और पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं था। बयान में कहा गया कि जब पार्टी के कार्यकर्ता और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उस समय इस तरह की तस्वीर सामने आना बेहद असंवेदनशील माना गया। इसी आधार पर दहिया को सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से भी मुक्त कर दिया गया।
We strongly condemn the deeply insensitive actions of our spokesperson Vijeta Dahiya, whose videos surfaced while peaceful protestors and our team were facing brutal police violence. Such conduct is unacceptable, shows a complete lack of judgment, and is wholly inconsistent with…
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) July 21, 2026
ये भी पढ़ें- Vijeta Dahiya: विदेश मंत्रालय की नौकरी छोड़ी, ध्रुव राठी के साथ किया काम... अब बर्गर वीडियो के बाद हर तरफ चर्चा
विजेता दहिया राजनीतिक शोधकर्ता (Political Researcher) और फिल्ममेकर के रूप में जाने जाते हैं। वह CJP के प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और पार्टी की ओर से विभिन्न मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखते रहे हैं। हालांकि, इस विवाद के बाद पार्टी ने उनसे दूरी बना ली है। विजेता दहिया का जन्म हरियाणा के सोनीपत जिले के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। शुरुआती शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में किस्मत आजमाने के बाद उन्होंने SSC CGL पास कर 2012 में विदेश मंत्रालय में नौकरी की, लेकिन कुछ वर्षों बाद मीडिया और कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने हरियाणवी फिल्में और वेब सीरीज 'दरारें' तथा 'ओपरी-पराई' पर काम किया, जिसमें ओपरी-पराई को बेस्ट वेब सीरीज का सम्मान मिला। विजेता दो किताबें-'Power of Universe' और 'भाड़ में जाए नौकरी'लिख चुके हैं। उन्होंने करीब पांच साल तक यूट्यूबर ध्रुव राठी के साथ रिसर्चर और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में काम किया। वर्तमान में वे फ्रीलांस रिसर्च, लेखन और कंटेंट निर्माण से जुड़े हैं।
ये भी पढ़ें- बारिश में पहुंचा खाने का पैकेट, खुला तो निकला मुंबई वाले का नाम... जंतर-मंतर पर दिखी इंसानियत की मिसाल
आलोचनाओं के बीच विजेता दहिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, लेकिन जब उन्हें लगा कि मार्च खत्म हो चुका है तो वह वहां से निकल गए। इसके बाद घर जाकर नहाने के बाद उन्होंने खाना खाया। उन्होंने कहा कि बर्गर खाने का कारण सिर्फ भूख थी। उनके मुताबिक, भूख लगती है तो इंसान खाना खाता है। दहिया ने यह भी दावा किया कि वह लगातार दो रातों से नहीं सोए थे और आंदोलन में शामिल अन्य लोग भी लगातार मेहनत कर रहे थे। नीचे देखें वीडियो-
दहिया की सफाई से विवाद शांत नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी के प्रति जवाबदेह नहीं हैं और राजनीति सिर्फ लोगों को खुश करने के लिए नहीं कर रहे। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि वह पार्टी के प्रवक्ता थे, तो सार्वजनिक जवाबदेही से कैसे इनकार कर सकते हैं। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे आंदोलन की गंभीरता से दूरी बनाने वाला रवैया बताया।
इस पूरे मामले ने सिर्फ एक वायरल वीडियो की नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और राजनीतिक पद पर मौजूद लोगों के आचरण की बहस को भी सामने ला दिया। फिलहाल CJP ने संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटा दिया है, जबकि दहिया अपनी सफाई पर कायम हैं। ऐसे में यह विवाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।