CJP Protest Zomato Delivery: NEET UG 2026 को लेकर प्रदर्शन के बीच जंतर-मंतर पर छात्रों के लिए देशभर से ऑनलाइन खाना पहुंच रहा है। वहीं बारिश में Zomato डिलीवरी पार्टनर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। देखें
Viral Video: NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर Cockroach Janta Party के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच एक अलग तस्वीर सामने आई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने ऑनलाइन खाना भेजकर अपना समर्थन जताया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो बताते हैं कि कई अनजान लोगों ने फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए प्रदर्शनकारियों तक भोजन पहुंचाया, ताकि आंदोलन के दौरान किसी को भूखा न रहना पड़े। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा एक Zomato डिलीवरी पार्टनर की हो रही है। तेज बारिश के बीच रेनकोट और हेलमेट पहनकर वह खाने का पैकेट लेकर जंतर-मंतर पहुंचा। वहां उसने बताया कि मुंबई निवासी अनुज रावत ने ऑनलाइन भुगतान कर यह खाना भेजा है और कहा है कि इसे वहां मौजूद किसी भी जरूरतमंद प्रदर्शनकारी को दे दिया जाए।
बारिश में डिलीवरी का वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में डिलीवरी पार्टनर बताते नजर आता है कि यह ऑर्डर मुंबई से किया गया था। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों ने न सिर्फ अनुज रावत का धन्यवाद किया, बल्कि बारिश में डिलीवरी पूरी करने वाले एजेंट की भी जमकर सराहना की। वीडियो में मौजूद लोग तालियां बजाकर उसका आभार व्यक्त करते दिखाई देते हैं। यही वीडियो अब X और Instagram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। नीचे देखें वायरल वीडियो-
ये भी पढ़ें- 'मैन-हेटर' विवाद के बाद साक्षी झा ने शेयर किया नया वीडियो
देशभर से पहुंच रहा है ऑनलाइन भोजन
यह सिर्फ एक घटना नहीं थी। Sachkhand Foundation द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में देर रात जंतर-मंतर पर McDonald's समेत कई फूड आउटलेट्स से पहुंचे खाने के पैकेट दिखाई दिए। वीडियो में बताया गया कि लोग Zomato, Swiggy और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बर्गर, रोल्स, बिरयानी और दूसरे खाद्य पदार्थ लगातार भेज रहे हैं, ताकि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसी दौरान एक अन्य वीडियो में प्रदर्शन स्थल पर मुफ्त चाय और स्नैक्स की व्यवस्था भी दिखाई दी। इससे पहले भी Blinkit और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदर्शनकारियों तक खाने-पीने का सामान पहुंचने के वीडियो सामने आ चुके हैं।
ये भी पढ़ें- जंतर-मंतर से वायरल हुआ दिल छू लेने वाला वीडियो…
जंतर मंतर प्रदर्शन के दौरान बढ़ा तनाव
सोमवार को शुरू हुआ विरोध मार्च शुरुआत में शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को फूल देकर आगे बढ़े, लेकिन दोपहर बाद हालात बदल गए। पुलिस ने जंतर-मंतर पर लगे मुख्य मंच को हटाया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की। भीड़ बढ़ने पर कुछ छात्र बैरिकेड पार करने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हुए और कुछ के सिर में गंभीर चोटें भी आईं।
इधर, मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA सांसदों से युवाओं के बीच जाकर उनकी चिंताओं को दूर करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
