10-15 लड़के पुल की केबल हिला रहे थे, दो बार आवाज के बाद तीसरी बार पुल नदी में गिरा, चश्मदीद ने सुनाई ये कहानी

Published : Oct 31, 2022, 03:42 PM IST
10-15 लड़के पुल की केबल हिला रहे थे, दो बार आवाज के बाद तीसरी बार पुल नदी में  गिरा, चश्मदीद ने सुनाई ये कहानी

सार

 गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने से अब तक 140 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 200 से अधिक लोगों को बचा लिया गया। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मोरबी हादसे में घायल एक चश्मदीद ने घटना के संदर्भ में एक टीवी चैनल को जानकारी दी है।   

मोरबी(Gujrat). गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने से मच्छु नदी में जा गिरा। जिस समय पुल टूटा पुल पर 500 से अधिक लोग मौजूद थे। सभी लोग एक जोर के झटके के साथ नदी में जा गिरे। हादसे में अब तक 140 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 200 से अधिक लोगों को बचा लिया गया। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मोरबी हादसे में घायल एक चश्मदीद ने घटना के संदर्भ में एक टीवी चैनल को जानकारी दी है। 

मोरबी के सिविल अस्प्ताल में भर्ती घायल ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए बताया कि वह शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे वह अपने एक दोस्त के साथ वहां गया था। उसने बताया कि उस समय ब्रिज पर बहुत अधिक भीड़ थी। जिसके बाद वह वहां से वापस आया और एक दुकान पर नाश्ता करने के बाद फिर से वहां गया। कुछ शरारती तत्व वहां लोगों को परेशान करने की नीयत से पुल की केबल पकड़ कर जोर-जोर से हिला रहे थे। 

लोगों को आगे निकलने से रोक रहे थे 10-15 लड़के- चश्मदीद 
अस्पताल में इलाज करा रहे घायल शख्स ने टीवी चैनल से बात करते हुए बताया कि वह जब ब्रिज पर दोबारा पहुंचा तो 10-15 लड़के पुल पर मौजूद थे और लोगों को परेशान कर रहे थे। वह कभी पुल पर पैर पटकते तो कभी पुल की केबल पकड़कर जोर से हिलाते, जिससे पूरा पुल हिलने लगता। वह झुंड में थे और किसी को भी पुल से आगे जाने से रोक रहे थे। 

दो बार आई टूटने जैसी आवाज, तीसरी बार आवाज के साथ टूट गया पुल 
चश्मदीद ने बताया कि उन लड़कों के जोर से केबल हिलाते ही पुल से एक बार धीरे से आवाज आई। लेकिन उन लड़कों ने शरारत बंद नहीं किया, दूसरी बार फिर से आवाज आई और इस बार आवाज उससे तेज थी। जब तक हम कुछ समझ पाते तीसरी बार जोर की वाज के साथ ही पुल टूट कर नदी में जा गिरा। 

गिरते ही हाथ में आ गई एक झाड़ी, बच गई जान 
चश्मदीद के मुताबिक जैसे ही पुल टूटा मै नीचे गिरने लगा इसी बीच हाथ में एक 6-7 फिट की झाड़ी आ गई। जिसे पकड़ कर मै लटक गया। धीरे-धीरे उसी के सहारे मै ऊपर आ गया। उस झाड़ी के सहारे ही मेरा दोस्त और 5- 6 लोग और भी ऊपर आए। घटना के 7-8 मिनट बाद सबसे पहले पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। उसके बाद एम्बुलेंस और फिर बहुत सारे लोग और पुलिस लोगों को बचाने के लिए पहुंच गई। 
 

PREV

Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.

Recommended Stories

बाप रे बाप: 200 रुपए में एक लीटर पेट्रोल, भारत के इस राज्य में बुरी हालत
'धुरंधर' से प्रेरित गैंगस्टर 20 साल बाद गिरफ्तार-नकली रहमान डकैत की असली कहानी सुन पुलिस भी चौंकी?