
चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Elections 2022) आ गए हैं और राजनीतिक दलों में दल-बदल जोरों पर चल रहा है। मंगलवार को भाजपा (BJP) ने दिल्ली स्थित पार्टी के मुख्यालय और चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में दिग्गज नेताओं को सदस्यता दिलाई। इसे भाजपा की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने मंगलवार को विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विपक्षी दल सिमटकर रह जाएंगे। क्योंकि जिन नेताओं के पास पंजाब को उसके पिछले गौरव को पुनर्जीवित करने की विचारधारा है, वे इस्तीफा दे रहे हैं और भगवा पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
शेखावत ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 5 जनवरी को फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में सेंध लगने के बाद कांग्रेस अनैतिक राजनीति में उतर गई। मोदी के मन में पंजाब के लिए बहुत सम्मान है और राज्य को उसके आर्थिक संकट से उबारने की प्रतिबद्धता के साथ एक पूरा रोडमैप है। केंद्र की सरकार पंजाब का तेजी के साथ विकास कराना चाहती है। शेखावत ने मंगलवार को कांग्रेस और अन्य दलों के 50 से ज्यादा नेताओं का भाजपा में स्वागत किया। इसमें कांग्रेस के पूर्व महासचिव लखविंदर कौर गरचा भी शामिल थे।
सीएम और कांग्रेस अध्यक्ष में रोज हो रहे विवाद: भाजपा
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि पंजाब शांति, सद्भाव और समृद्धि के लिए वोट करेगा और केवल भाजपा ही राज्य को माफिया मुक्त सरकार दे सकती है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू में हर रोज विवाद सामने आ रहे हैं। पंजाब की जनता को अच्छे और स्वच्छ प्रशासन से वंचित किया जा रहा है।
बीजेपी में ये दिग्गज अब तक शामिल हुए
एक दिन पहले ही पंजाब के चार बड़े नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। दो बार कांग्रेस विधायक रहे और बिजनेसमैन अरविंद खन्ना, अकाली दल के नेता गुरदीप सिंह गोशा, पटियाला शहर के बड़े नेता कंवर सिंह, अमृतसर से धर्मवीर सरीन ने भाजपा को ज्वाइन किया है। इससे पहले अकाली नेता रविप्रीत सिंह सिद्धू, जगदीप सिंह नकई, मानसा सीट से पूर्व विधायक जगदीप सिंह, चमकौर साहिब सीट से विधायक और बार काउंसिल के अध्यक्ष रहे शमशेर सिंह राय, हरभाग सिंह देसूमाजरा, निहाल सिंह वाला और पूर्व सांसद संगरूर खाल्सी, कांग्रेस विधायक फतेह सिंह बाजवा भी भाजपा में शामिल हुए हैं। सबसे बड़ी एंट्री अकाली दल के नेता और दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रेसिडेंट रहे मनजिंदर सिंह सिरसा की थी। उन्होंने अपने सभी पदों से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा था।
Punjab Election 2022: CM चन्नी को बड़ा झटका, चचेरे भाई BJP में शामिल, 68 नेताओं ने भी सदस्यता ली
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।