यशस्वी जायसवाल-असिथा फर्नांडो विवाद पर दिग्गजों की फटकार, दोनों पर लगा जुर्माना

Published : Aug 26, 2026, 08:30 AM IST
Yashasvi Jaiswal controversy

सार

Yashasvi Jaiswal Headbutt Incident: भारत-श्रीलंका दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच विवाद ने खूब सुर्खियां बटोरीं। दोनों के बीच बहस और सिर टकराने जैसी स्थिति के बाद चेतेश्वर पुजारा और सबा करीम ने आलोचना की।

Yashasvi Jaiswal Controversy: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन मैदान पर ऐसा विवाद देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के सिर टकराने जैसी स्थिति भी बन गई। इसके बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने दोनों खिलाड़ियों के व्यवहार की आलोचना की।

क्या है यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो का विवाद?

दरअसल, असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट करने के बाद उन्हें खास अंदाज में विदाई दी। गेंदबाज के इस अंदाज से यशस्वी नाराज हो गए और उन्होंने पीछे मुड़कर फर्नांडो का सामना किया। इसके बाद दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के बेहद करीब आ गए और उनके सिर आपस में टकराने जैसी स्थिति बन गई। मैदान पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत बीच बचाव किया और दोनों को अलग कर मामले को शांत कराया।

खिलाड़ियों के व्यवहार की हुई आलोचना

यशस्वी और फर्नांडो के बीच हुए इस विवाद के बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई। पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि खिलाड़ी का गुस्सा होना या निराश होना स्वाभाविक है, लेकिन मामला जब शारीरिक संपर्क तक पहुंच जाए तो इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुजारा के मुताबिक, मैदान पर खिलाड़ियों को अपने इमोशंस को रखना चाहिए। उन्होंने माना कि बहस या आक्रामकता खेल का हिस्सा हो सकती है, लेकिन इसे शारीरिक टकराव तक नहीं पहुंचना चाहिए।

और पढे़ं- 23 वर्षीय यशस्वी जायसवाल की कमाई देख घूम जाएगा दिमाग, कभी टेंट में बिताते थे रात!

पूर्व भारतीय विकेटकीपर और कमेंटेटर सबा करीम ने भी इस घटना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट कोई कॉन्टैक्ट स्पोर्ट नहीं है और खिलाड़ियों को एक दूसरे से सिर नहीं टकराना चाहिए। उनके अनुसार, गेंदबाज बल्लेबाज पर दबाव बनाने के लिए आक्रामक रवैया अपना सकता है, लेकिन इसके लिए शारीरिक टकराव जरूरी नहीं है।

हर्षा भोगले ने भी दी प्रतिक्रिया

इस विवाद पर मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उनकी टिप्पणी के बाद यशस्वी जायसवाल ने ट्वीट के जरिए जवाब दिया। इस तरह यह मामला मैदान से निकलकर सोशल मीडिया तक भी पहुंच गया और क्रिकेट फैंस के बीच इसकी खूब चर्चा हुई।

दोनों खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना

भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले के दौरान हुए इस विवाद का असर दोनों खिलाड़ियों पर भी पड़ा। यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो, दोनों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इस घटना ने टेस्ट क्रिकेट में खिलाड़ियों के व्यवहार और मैदान पर भावनाओं पर नियंत्रण रखने को लेकर बहस छेड़ दी है। क्रिकेट एक प्रतिस्पर्धी खेल जरूर है, लेकिन खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की उम्मीद की जाती है।

यशस्वी जायसवाल को लेकर पूछे जाने वाले सवाल

1. यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच विवाद क्यों हुआ?

असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट करने के बाद उन्हें विदाई दी, जिसके बाद यशस्वी ने पलटकर प्रतिक्रिया दी और दोनों के बीच बहस हो गई।

2. क्या यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर जुर्माना लगा?

हां, दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

3. यशस्वी जायसवाल के विवाद पर किन दिग्गजों ने प्रतिक्रिया दी?

चेतेश्वर पुजारा और सबा करीम ने घटना की आलोचना की और खिलाड़ियों से मैदान पर अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने की बात कही।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Anaya Bangar Cricket: महिला क्रिकेट में नई पारी शुरू करेंगी अनाया, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी मंजूरी
ताइवान के एक्टर और एमएस धोनी की लव स्टोरी में क्या कनेक्शन? वजह जानकर चौंक जाएंगे आप