नाबालिग लड़की की शादी रुकवाने की मिली ये सजा, अब इस युवक का पूरा परिवार है दुखी

Published : Feb 04, 2023, 06:45 PM ISTUpdated : Feb 04, 2023, 06:48 PM IST
khagendra

सार

ना​बालिग लड़की की शादी रुकवाना एक युवक को भारी पड़ गया है। शादी तो रुक गयी पर पूरे गांव में उसको दुत्कारा जा रहा है। पंचायत की बैठक में युवक पर लड़की की शादी में हुए खर्च के बराबर जुर्माना लगाया गया है।

भागलपुर। ना​बालिग लड़की की शादी रुकवाना एक युवक को भारी पड़ गया है। जिस काम के लिए युवक की वाह वाही होनी चाहिए थी। उसी काम के बाद उसका परिवार परेशान व दुखी है। शादी तो रुक गयी पर पूरे गांव में उसको दुत्कारा जा रहा है। पंचायत की बैठक में युवक पर लड़की की शादी में हुए खर्च के बराबर जुर्माना लगाया गया है। जबरन उससे एग्रीमेंट के पेपर पर हस्ताक्षर भी कराए गए हैं। तुर्रा यह है कि यदि उसने समय से धनराशि नहीं दी तो उसे ज्यादा पैसा चुकाना होगा। पुलिस पीड़ित के शिकायत के इंतजार में बैठी है।

क्या है मामला?

दरअसल, रंगरा थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाह समारोह चल रहा था। एक नाबालिग लड़की की शादी होने वाली थी। गांव के ही युवक खगेंद्र मंडल को यह जानकारी हुई कि जिस लड़की की शादी की तैयारियां चल रही हैं। वह सिर्फ 13-14 साल उम्र की है। यह उससे सहन नहीं हुआ और उसने 112 नम्बर पर फोन करके पुलिस को यह जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शादी के लिए आए दूल्हे का आधार कार्ड देखा तो वह 18 साल का था। पर लड़की की उम्र कम थी, वह नाबालिग निकली। इस वजह से पुलिस ने शादी रुकवा दी।

पंचायत ने लगाया जुर्माना

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शादी तो रुक गयी पर उसका खामियाजा खगेंद्र को भुगतना पड़ा। गांव वाले उसे भला बुरा कहने लगे। युवक ने गांव वालों को बाल विवाह की वजह से नाबालिग को होने वाली परेशानियों के बारे में भी बताया। पर किसी ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया और पंचायत की बैठक बुला ली गयी। पंचायत ने बैठक में ही लड़की की शादी में हुए खर्च के बराबर का जुर्माना युवक पर लगा दिया। जुर्माने की राशि तीन लाख 11 हजार रुपये है। युवक पंचायत में अपनी गरीबी का हवाला देता रहा। पर उसकी नहीं सुनी गयी। युवक की पांच बेटिया हैं। जिनमें से उसने दो बेटियों की शादी कर दी है। उसने बेटियों की शादी के दौरान कर्ज भी लिया था। अभी उन कर्जों को चुकाना शेष है।

लड़की के पिता को हुए आर्थिक नुकसान की करनी होगी भरपाई

खगेंद्र के अनुसार, पंचायत में उससे जबरन एक एग्रीमेंट पेपर पर दस्तखत भी कराए गए। जिसमें दर्ज है कि शादी रुकने की वजह से लड़की के पिता को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई करनी होगी। लड़की की शादी में खर्च हुई धनराशि मैं अदा करुंगा। यदि महीने भर में मैं यह धनराशि नहीं चुकाता हूं तो मुझे चार लाख 51 हजार चुकाने होंगे। युवक के पिता लालमनी मंडल का कहना है कि उनके बेटे ने सही काम किया है। पर सामाजिक रुप से यह काम सही नहीं है। पंचायत में माफी भी मांगी गयी पर किसी ने नहीं सुनी।

PREV

बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

क्या दोबारा से होंगे बिहार विधानसभा चुनाव? सुप्रीम कोर्ट पहुंची प्रशांत किशोर की जन सुराज
Anant Singh Oath Ceremony: अपने अंदाज में शपथ लेने लगे अनंत सिंह, नीतीश कुमार से ऐसे हुई मुलाकात