
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले, महागठबंधन (INDIA गठबंधन) ने लंबे समय से चल रहे सीएम फेस के सस्पेंस को खत्म कर दिया है। गुरुवार को आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने औपचारिक रूप से तेजस्वी यादव को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके साथ ही, वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) बनाने का भी ऐलान किया गया।
अशोक गहलोत ने गठबंधन की एकजुटता का संदेश देते हुए कहा, "आज INDIA गठबंधन एकजुट होकर मीडिया के सामने खड़ा है। हमारे नेता तेजस्वी यादव होंगे, जो मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।" उन्होंने उप मुख्यमंत्री पद को लेकर भी स्थिति साफ कर दी। गहलोत ने घोषणा की, "मुकेश सहनी को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो अन्य उप मुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं।" उन्होंने तेजस्वी यादव के नेतृत्व और मुकेश सहनी के सहयोग की जमकर तारीफ की।
घोषणा के तुरंत बाद, अशोक गहलोत ने सत्ताधारी NDA गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लंबे समय तक सत्ता में रहे, लेकिन राज्य के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। गहलोत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे चुनौती देते हुए सवाल किया, “हमारे नेता तेजस्वी हैं, लेकिन अमित शाह से पूछना चाहता हूं, आपके नेता कौन हैं?”
गहलोत ने NDA में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रहे आंतरिक संशय का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "अमित शाह कह रहे हैं कि NDA का सीएम फेस संसदीय दल तय करेगा, इसका तो मतलब यही है कि अभी तक संशय है।" उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा अक्सर चुनाव से पहले किसी और के नेतृत्व में लड़ती है और बाद में अपना सीएम बना देती है।
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने इस दौरान गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "आज INDIA गठबंधन एकजुट होकर मीडिया के सामने खड़ा है। इस गठबंधन की मजबूती की नींव उस दिन रखी गई थी जब राहुल गांधी ने मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान INDIA गठबंधन के सभी सदस्यों के साथ मिलकर लगभग 17 महीने तक समाज और जनहित के मुद्दों पर काम किया और गठबंधन को मजबूत किया।"
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।