
Jan Suraaj Workers Protest: जन सुराज कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के आवास के बाहर विशाल प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की है। इस दौरान जन सुराज कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती को पुलिस ने धक्का दिया और महिला कार्यकर्ताओं को भी धक्का दिया।
प्रदर्शनकारी नेता और कार्यकर्ता मंगल पांडेय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दरअसल, ये लोग मुजफ्फरपुर में दलित लड़की के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लड़की को न्याय मिलने में हो रही देरी और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। दुष्कर्म पीड़ित लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पटना में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे जन सुराज कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए मंत्री के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने जन सुराज कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। जन सुराज कार्यकर्ता स्वास्थ्य मंत्री को पद से हटाने की मांग कर रहे थे। पुलिस कार्रवाई के बाद सभी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।
बता दें कि प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज मुजफ्फरपुर में दलित लड़की के साथ हुए रेप को लेकर लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है और इस मुद्दे को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के आवास का घेराव कर जमकर हंगामा किया। पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। यह मामला गंभीर होता जा रहा है। क्योंकि अन्य विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर बिहार सरकार को घेरा है और जवाब मांगा है।
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।