CG News: गृह निर्माण मंडल की नई पहचान, विष्णु देव साय ने लॉन्च किया नया लोगो, हर परिवार के पक्के घर के सपने को मिलेगी रफ्तार

Published : Jun 26, 2026, 07:26 PM IST
vishnu deo sai launches chhattisgarh grih nirman infrastructure development board new logo

सार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का नया लोगो लॉन्च किया। आवास मेले के विजेताओं को पुरस्कार दिए और कई बड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में घर बुक करने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने नए लोगो की डिजाइन तैयार करने वाले श्री अंशुल कश्यप को बधाई देते हुए उन्हें प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि 2.5 लाख रुपये का चेक भी सौंपा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- हर परिवार का पक्का घर हमारी सरकार का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हर परिवार का सपना अपना पक्का घर होना होता है और राज्य सरकार इस सपने को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले गृह निर्माण मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित था, लेकिन अब इसका विस्तार अधोसंरचना विकास के क्षेत्र तक कर दिया गया है। इससे प्रदेश के विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी और बड़े स्तर पर आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा।

दो साल में 7,388 संपत्तियों की बिक्री, 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से बाहर निकलते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में 7,388 संपत्तियों का विक्रय कर लगभग 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंडल के अध्यक्ष और पूरी टीम को बधाई दी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से बन रहे मकान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने सभी प्रमुख वादों को तेजी से पूरा किया है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक साढ़े दस लाख से अधिक गरीब परिवारों के मकान पूरे हो चुके हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी अलग आवास योजना संचालित की जा रही है।

सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर सरकार का विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'सेवा सेतु' के जरिए अब 450 से अधिक सरकारी सेवाएं मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी शुरू की गई है, जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

पीएम सूर्य घर योजना से हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के करीब 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सोलर संयंत्र लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी दे रही है। आने वाले समय में ऐसे परिवारों को मुफ्त बिजली मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिल और सरचार्ज में विशेष छूट दी जा रही है।

सुशासन तिहार से जनता का फीडबैक लेकर सुधारी गई व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल योजनाएं लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सुशासन तिहार के माध्यम से लगातार दो महीने तक जनता के बीच जाकर फीडबैक भी लिया गया। लोगों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किए गए हैं। उन्होंने सरकार की विभिन्न नवाचार आधारित पहलों का उल्लेख करते हुए पारदर्शी और जवाबदेह शासन का संकल्प दोहराया।

ओ.पी. चौधरी बोले- अधोसंरचना विकास में बढ़ेगी मंडल की भूमिका

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विभाग में कई प्रशासनिक सुधार लागू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल का नया स्वरूप देकर प्रदेश के पूंजीगत व्यय और विकास परियोजनाओं में इसकी भूमिका को और मजबूत किया गया है।

मंत्री ने कहा कि अब किसी भी नई आवासीय परियोजना की शुरुआत तभी होगी, जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित हो जाएगी। इससे अनावश्यक निर्माण और वित्तीय जोखिम से बचा जा सकेगा। उन्होंने वन टाइम सेटलमेंट योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे वर्षों से लंबित संपत्तियों की बिक्री में तेजी आई है और मंडल की आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।

अनुराग सिंहदेव बोले- मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा फोकस

मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मंडल ने नई कार्य संस्कृति अपनाई है। उन्होंने बताया कि अब भविष्य में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड संपत्तियों की बिक्री कर मंडल ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं और आगे भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।

लकी ड्रा में सारंगढ़ की पूजा बरेठ को मिली कार

कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रा के नौ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। सारंगढ़ की श्रीमती पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई। इसके अलावा स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए। इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, आयुक्त श्री अवनीश शरण, मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

'AI अपनाओगे तो भविष्य पर राज करोगे', युवाओं को वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा मैसेज
PM Awas Yojana Gramin Raipur: बरसात में टपकती छत से पक्के घर तक, पीएम आवास योजना ने बदली अमृतलाल की जिंदगी