
छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को नई पहचान देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर, अत्याधुनिक AI गैलरी और विभिन्न जिलों में विकसित होने वाले साइंस पार्कों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में विज्ञान अधोसंरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर और विकसित की जा रही आधुनिक AI गैलरी को राज्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल किया गया है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को आधुनिक, इंटरैक्टिव और अनुभवात्मक विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराना है। साथ ही समाज में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और STEM (Science, Technology, Engineering and Mathematics) शिक्षा को बढ़ावा देना भी इनका प्रमुख लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें: ताहिर हुसैन बोला- 'मैच फिक्स था', अदालत ने किन सबूतों पर सुनाई उम्रकैद?
बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान रायपुर में आयोजित होने वाले 22वें अखिल भारतीय विज्ञान संग्रहालय एवं विज्ञान केंद्र प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह सम्मेलन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित होगा।
प्रमुख सचिव ने सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए NCSM के साथ जल्द संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने स्पष्ट किया कि विज्ञान से जुड़ी सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक विज्ञान अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित जनजागरूकता, नवाचार और STEM शिक्षा को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम भी प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।
बैठक में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST) और रीजनल साइंस सेंटर (RSC), रायपुर के वैज्ञानिकों तथा विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
यह भी पढ़ें: रायगढ़ में जलभराव पर बड़ा एक्शन! निगम आयुक्त ने दिए अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।