
मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को देखते हुए रायगढ़ नगर निगम ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों के साथ शहर के संवेदनशील इलाकों का मैदानी निरीक्षण कर नालों की सफाई, जल निकासी और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी जल प्रवाह में बाधा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए और स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
निगम आयुक्त ने संजय मार्केट, बड़पारा शराब दुकान क्षेत्र और शांति लॉज परिसर का दौरा कर नालों की सफाई और बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलभराव रोकने के लिए नालों की नियमित सफाई, अवरोधों को हटाना और जल निकासी मार्ग को पूरी तरह चालू रखना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी पानी निकासी में समस्या दिखे, वहां बिना देरी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें: ताहिर हुसैन बोला- 'मैच फिक्स था', अदालत ने किन सबूतों पर सुनाई उम्रकैद?
निरीक्षण में सामने आया कि कई स्थानों पर नालों के ऊपर हुए अतिक्रमण के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत सर्वे कराने और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु बनाने के लिए तकनीकी आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने गंधरी पुलिया का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि तेज बारिश के समय पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अधिकारियों को तकनीकी परीक्षण कर स्थायी समाधान की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वहीं शांति लॉज के पीछे स्थित नाले की सफाई का कार्य उन्होंने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कराया। मशीनों की सीमित पहुंच को देखते हुए छोटे पोकलेन की मदद से नाले से मलबा हटवाया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच सकतीं, वहां वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग कर समयबद्ध तरीके से सफाई पूरी की जाए, ताकि मानसून में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें: KBC 18 में बदलेगा पूरा खेल! अमिताभ बच्चन ने बताया क्यों इस बार 'सोचना पड़ेगा'
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।