
रायपुर। जनसंपर्क संचालनालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 श्री गुलजारी लाल तंबोली की अर्द्धवार्षिकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान को याद किया।
श्री गुलजारी लाल तंबोली ने अपने शासकीय सेवा जीवन की शुरुआत वर्ष 1990 में अविभाजित मध्यप्रदेश के समय मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एमपीआरएसटी) से की थी। लंबे समय तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य गठन उपरांत वर्ष 2008 में वे प्रतिनियुक्ति पर जनसंपर्क विभाग से जुड़े। इसके बाद उन्होंने करीब 18 वर्षों तक जनसंपर्क विभाग में अपनी सेवाएं दीं और विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में जनसंपर्क संचालनालय के अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने श्री तंबोली के लंबे सेवा काल, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री तंबोली ने अपने दायित्वों का हमेशा जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निर्वहन किया। इस अवसर पर श्री मिश्रा ने उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपर संचालक श्री आलोक देव ने भी समारोह को संबोधित करते हुए श्री तंबोली के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनका सहज और मिलनसार स्वभाव हमेशा सहकर्मियों के बीच सम्मान का विषय रहा। विभागीय दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सहयोग की भावना अनुकरणीय रही है।
विदाई समारोह के दौरान श्री गुलजारी लाल तंबोली ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। उन्होंने अपने सेवा काल के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि विभाग के साथ बिताया गया समय उनके जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहेगा।
विदाई समारोह में जनसंपर्क संचालनालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने श्री तंबोली के आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया। समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की स्मृतियां साझा कीं।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।