
रायगढ़। नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शुक्रवार को प्रगति नगर मरीन ड्राइव क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अंडरपास ब्रिज और पाइपलाइन विस्तार परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ कार्यों की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता संबंधी मानकों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निर्माणाधीन अंडरपास ब्रिज का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर सड़क मार्ग को आम जनता के उपयोग के लिए बहाल किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी पहलुओं की भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अंडरपास परियोजना के साथ-साथ आयुक्त ने क्षेत्र में चल रहे पाइपलाइन विस्तार और पुनर्संरचना कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज के ऊपर से गुजरने वाली जलापूर्ति पाइपलाइन को व्यवस्थित और विस्तारित किया जा रहा है। इस कार्य का उद्देश्य भविष्य में पाइपलाइन लीकेज या अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण जलापूर्ति में आने वाली बाधाओं को रोकना है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पाइपलाइन विस्तार कार्य योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जाएं।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने कहा कि नगर विकास से जुड़े सभी अधोसंरचनात्मक कार्यों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, तकनीकी अमला तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।