
रायपुर। छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, भ्रामक प्रचार या फर्जीवाड़े से बचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने छात्रहित में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आयोग के सचिव श्री अशोक अग्रवाल द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि किसी भी निजी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से पहले विद्यार्थियों को कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच अवश्य करनी चाहिए। इससे उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रहेगा और आगे चलकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रवेश लेने से पहले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि संबंधित विश्वविद्यालय राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) अधिनियम-2005 के तहत विधिवत अधिसूचित हो। यदि कोई संस्थान इस अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित नहीं है, तो वहां प्रवेश लेने से छात्रों को भविष्य में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
निजी विश्वविद्यालयों के परिनियम और अध्यादेश का छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में प्रकाशित होना अनिवार्य है। नियमानुसार राजपत्र में प्रकाशन के बाद ही विश्वविद्यालय छात्रों को प्रवेश देने का अधिकार प्राप्त करता है। यदि किसी विश्वविद्यालय के नियम और अध्यादेश राजपत्र में प्रकाशित नहीं हुए हैं, तो उसके द्वारा की जा रही प्रवेश प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं मानी जाएगी। इसलिए प्रवेश से पहले इस तथ्य की पुष्टि अवश्य करें।
छत्तीसगढ़ के सभी निजी विश्वविद्यालय एकात्मक स्वरूप में संचालित होते हैं। इसका अर्थ है कि वे अपने मुख्य परिसर के बाहर किसी अन्य कॉलेज या शिक्षण संस्थान को संबद्धता नहीं दे सकते। ऐसे विश्वविद्यालय केवल अपने अधिकृत कैंपस या अध्ययन शालाओं के भीतर ही पाठ्यक्रम संचालित कर सकते हैं। यदि कोई संस्थान किसी निजी विश्वविद्यालय से संबद्ध होने का दावा करता है, तो उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है।
छात्र जिस भी पाठ्यक्रम, डिग्री या डिप्लोमा में प्रवेश लेने जा रहे हैं, उसके लिए यह जांचना जरूरी है कि वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा अनुमोदित है या नहीं। साथ ही संबंधित पाठ्यक्रम का उल्लेख विश्वविद्यालय के उस अध्यादेश में भी होना चाहिए, जो राजपत्र में प्रकाशित किया गया हो। बिना मान्यता वाले कोर्स में प्रवेश लेने से डिग्री की वैधता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
पीएचडी की उपाधि प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग विनियम-2022 के नियम लागू होते हैं। ऐसे में शोधार्थियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिस विषय में वे शोध करना चाहते हैं, उस विषय के लिए निर्धारित योग्यता वाले नियमित शोध निर्देशक विश्वविद्यालय में उपलब्ध हों। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बाहरी शोध निर्देशकों की सेवाएं लेकर शोध कार्य संचालित करना यूजीसी के नियमों के अनुरूप नहीं है। इसलिए पीएचडी में प्रवेश लेने से पहले विश्वविद्यालय की शोध व्यवस्था की पूरी जानकारी प्राप्त करना जरूरी है।
छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग का कहना है कि इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों और अभिभावकों के हितों की रक्षा करना है। आयोग ने अपील की है कि छात्र किसी भी भ्रामक विज्ञापन या संस्थान के दावों पर आंख बंद करके भरोसा न करें।
प्रवेश लेने से पहले संबंधित नियमों और मान्यताओं की पुष्टि अवश्य करें। छात्र और अभिभावक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी देख सकते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर आयोग कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही किसी विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का निर्णय करें।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।