
रायपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कांकेर जिले में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, भूतपूर्व सैनिकों, एनसीसी और एनएसएस कैडेटों सहित हजारों लोगों के साथ विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया।
इस अवसर पर विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी, भारतीय खाद्य निगम के सदस्य श्री हलधर साहू, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, डीएफओ श्री रौनक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सामूहिक योगाभ्यास के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि योग और अध्यात्म भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। योग व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा इसके नियमित अभ्यास से अनेक प्रकार की बीमारियों और विकारों से बचा जा सकता है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, बढ़ती व्यस्तता और समय की कमी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग स्वस्थ जीवन की दिशा में सबसे प्रभावी उपाय बनकर उभरा है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक श्री आशाराम नेताम ने भी लोगों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसे दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक संतुलन बना रहता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन जी सकता है। विधायक ने नागरिकों से स्वयं योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए योग सबसे प्रभावी साधन है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। इस अवसर पर श्री महेश जैने ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
न्यू कम्युनिटी हॉल परिसर में सुबह सात बजे योग प्रशिक्षक श्री मोहन सेनापति, श्री उपेश्वर ठाकुर और श्री कुश साहू के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने अर्द्धचक्रासन, ताड़ासन, भुजंगासन, शवासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, उत्तानपादासन, कटिचक्रासन, अर्धकटिचक्रासन, उष्ट्रासन, दण्डासन, भद्रासन, उत्तानमण्डूकासन, सेतु दण्डासन, पवनमुक्तासन और मकरासन सहित विभिन्न योगासन किए। इसके साथ ही प्राणायाम सत्र में नाड़ी शोधन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे महत्वपूर्ण प्राणायामों का भी सामूहिक अभ्यास कराया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती उगेश्वरी उईके, श्रीमती शकुंतला जैन, श्री दिलीप जायसवाल, श्री राजा देवनानी, श्री पप्पू मोटवानी, श्री राजा पाण्डे, श्री संजय सिन्हा, श्री संजू गोपाल साहू, श्री दिनेश रजक, श्रीमती विजय लक्ष्मी कौशिक, एसडीएम कांकेर श्री अरुण वर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।