International Yoga Day 2026: योग, पौधारोपण और 3 नई एंबुलेंस, जानिए जांजगीर-चांपा में क्या-क्या हुआ खास

Published : Jun 21, 2026, 06:17 PM IST
janjgir champa op chaudhary samuhik yogabhyas

सार

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जांजगीर-चांपा में सामूहिक योगाभ्यास हुआ। मंत्री ओ.पी. चौधरी ने योग, पौधारोपण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

रायपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब के जाज्वल्य देव द्वार परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी जिलेवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया योग का वैश्विक महत्व

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों की बदौलत योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देश भारतीय संस्कृति की इस अनमोल विरासत को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग "विकास भी, विरासत भी" की सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। असंतुलित खानपान, तनाव और अनियमित दिनचर्या स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है। ऐसे में लोगों को बीमारी का इंतजार करने के बजाय पहले से ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग, प्राकृतिक चिकित्सा और संतुलित जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

योग से मिलता है मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा

वित्त मंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मअनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है और उसके व्यक्तित्व को संतुलित बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, निरोग तथा समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान दें।

मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह की प्रतिभा को मिला सम्मान

योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ के युवा मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रतिभा और मेहनत से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

योग कार्यक्रम के समापन के बाद प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत भीमा तालाब परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

जांजगीर-चांपा जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात

विश्व योग दिवस के अवसर पर जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी मिली। प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने नवागढ़, पामगढ़ और अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई तीन नई एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई एंबुलेंसों के संचालन से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अधिक तेजी और प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष जांजगीर-नैला श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पाण्डेय तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: कांकेर में योग का महासंगम, मंत्री लखनलाल देवांगन और जनप्रतिनिधियों ने किया अभ्यास
Chhattisgarh News: बस्तर का प्रशासनिक मॉडल बना मिसाल, 611 गांवों में बड़ा बदलाव, हजारों किसानों को राहत