
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूर-दराज़ वन क्षेत्रों और कठिन पहाड़ी इलाकों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल गांवों के लिए सरकार की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) किसी वरदान से कम नहीं है। ‘अस्पताल आपके द्वार’ की सोच को साकार करते हुए इस सेवा ने पिछले साढ़े तीन महीनों में 2035 लोगों तक उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई हैं।
पहले इन इलाकों के ग्रामीणों को मामूली इलाज के लिए भी कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 15 जनवरी 2026 से शुरू हुई यह मोबाइल यूनिट कमार जनजाति बहुल गांव जैसे बल्दाकछार, औराई और कसडोल क्षेत्र के अन्य गांवों में लगातार कैंप लगा रही है। इससे लोगों को शहर जाने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो गई है।
यह मोबाइल मेडिकल यूनिट एक चलते-फिरते अस्पताल की तरह काम करती है। इसमें मेडिकल ऑफिसर, लैब टेक्नीशियन, नर्स और ड्राइवर की टीम मौजूद रहती है।
इससे ग्रामीणों को एक ही जगह पर पूरी स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है।
प्रशासन द्वारा कैंप की तारीख और स्थान एक महीने पहले तय कर दिए जाते हैं। गांवों में मुनादी (ढोल बजाकर सूचना) के जरिए लोगों को जानकारी दी जाती है। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं और उनमें उत्साह भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले अस्पताल जाने में पूरा दिन लग जाता था और खर्च भी ज्यादा होता था। अब गांव में ही इलाज मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।
इस पहल का सबसे बड़ा असर ग्रामीणों की सोच पर पड़ा है। पहले जहां लोग बैगा-गुनिया और जड़ी-बूटियों पर निर्भर थे, अब वे आधुनिक चिकित्सा पर भरोसा करने लगे हैं। लोग अब बीमारियों को छिपाने के बजाय समय पर जांच और इलाज कराने लगे हैं।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।