
किसी सरकारी योजना का असर सिर्फ फाइलों और आंकड़ों में नहीं, बल्कि उन लोगों की जिंदगी में दिखाई देता है जिन तक उसका लाभ पहुंचा है। अब छत्तीसगढ़ में ऐसी ही बदलाव की कहानियों को नुक्कड़ नाटक, लोककला और सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में संस्कृति और डिजिटल माध्यमों को खास जगह दी गई है।
इसी सिलसिले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर में अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने गतिविधियों को अधिक रचनात्मक और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े बदलावों की कहानियां स्थानीय भाषा, संगीत, लोककला और संवादों के जरिए पेश की जाएंगी। खास बात यह होगी कि सरकारी योजनाओं की जानकारी महज भाषण या प्रचार तक सीमित रखने के बजाय वास्तविक लाभार्थियों के अनुभवों को कहानी का हिस्सा बनाने पर जोर रहेगा। इससे युवाओं और आम लोगों को सीधे जोड़ने की कोशिश होगी।
यह भी पढ़ें: जंगल में ले गए, बेल्ट-डंडों से पीटा... मिर्जापुर में दबंगई का VIDEO वायरल
पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के इन्फ्लूएंसरों के जरिए छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर पेश करेगा। प्रमुख पर्यटन स्थलों, बेहतर होती सुविधाओं, अधोसंरचना और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाने की योजना है। यह पहल खासतौर पर युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है। यानी एक तरफ नुक्कड़ नाटक स्थानीय स्तर पर संवाद करेंगे, तो दूसरी तरफ डिजिटल कंटेंट छत्तीसगढ़ की कहानी को राज्य की सीमाओं से बाहर ले जाएगा।
एक महीने के इस अभियान में ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ समेत कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं। सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और छूटे हुए हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ना है। संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से अभियान को स्थानीय जुड़ाव और डिजिटल पहुंच, दोनों देने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: महाराणा प्रताप से परशुराम तक… अखिलेश के छुट्टी वाले ऐलान में क्या है 2027 का गणित?
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।