UP CRIME: मिर्जापुर के हलिया में बहन के घर से लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर जंगल ले जाने और बेल्ट-डंडों से पीटने का आरोप है। मारपीट का वीडियो भी बनाया गया। पुलिस ने पांच नामजद समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मिर्जापुर में एक युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि दबंगों ने पहले बाइक सवार युवक को रास्ते में रोका और फिर जबरन जंगल में ले जाकर बेल्ट और डंडों से उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। पीड़ित को घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
रास्ते में रोका, फिर जंगल ले गए
मामला हलिया थाना क्षेत्र का है। सोठिया खुर्द निवासी मुमताज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा मोहम्मद सैफ 6 सितंबर को अपनी दीदी के घर राजपुर गया था। वहां से सुपर स्प्लेंडर बाइक से लौटते समय सुखड़ा नहर-बेलगवा पुल के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि शहबान और नौशाद जबरन उसकी बाइक पर बैठ गए और उसे मुरलिया जंगल, ग्राम राजपुर की ओर ले गए। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर युवक की पिटाई की गई।
यह भी पढ़ें: उमर-फारूक ने किया कुछ ऐसा कि BJP ने कांग्रेस को दे दी नसीहत, फिर शुरू हुई ‘वंदे मातरम’ बहस
बेल्ट-डंडों से पिटाई और वीडियो बनाने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक को हाथ, बेल्ट और डंडों से बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के दौरान आरोपितों ने वीडियो भी बनाया। आरोप है कि युवक को धमकाया गया कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे इससे भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और जान से मार दिया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के पिता ने हलिया थाने में तहरीर दी।
पांच नामजद समेत आठ पर मुकदमा
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में नौशाद, जाने आलम, शहबान, मन्नान और मनीष पटेल शामिल हैं। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चरण सिंह यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लालगंज क्षेत्राधिकारी ने मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल वायरल वीडियो और दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस जांच में जुटी है। आरोपों की पुष्टि विवेचना और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।
यह भी पढ़ें: महाराणा प्रताप से परशुराम तक… अखिलेश के छुट्टी वाले ऐलान में क्या है 2027 का गणित?
