
सोनीपत. राइट टू एजुकेशन (RTE) एक्ट के तहत प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के एडमिशन कराने के एवज में महिलाओं की इज्जत का सौदा करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। ब्लॉक एजुकेशन आफिसर (BEO) दफ्तर के एक क्लर्क नवीन की हरकतों को लेकर महिलाएं खुलकर सामने आई हैं। आशंका है क्लर्क लंबे समय से महिलाओं के साथ ऐसी सौदेबाजी कर रहा था। मामला सामने आने के बाद डिपार्टमेंट ने सख्ती दिखाई है। क्लर्क को नौकरी से बर्खास्त करने की प्रॉसिस शुरू कर दी गई है। वहीं, उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
BEO सोनीपत के अय्याश क्लर्क की पोल खोलने एक और महिला ने साहस दिखाया है। शिकायत लेकर मीडिया के सामने आई दूसरी महिला ने कहा कि पहले वो डर गई थी। लेकिन जब एक महिला(पहली पीड़ित) ने पुलिस में FIR दर्ज कराई, तब उसमें हिम्मत आई। महिला ने कहा कि क्लर्क नवीन ने उसे शनिवार के दिन छुट्टी के बावजूद दफ्तर में बुलाया था। यह सब पिछले साल हुआ था। महिला ने कहा कि हालांकि तब उसने घर में बच्चे अकेले होने का बहाना बनाकर टाल दिया था। क्लर्क ने उससे फिजिकल रिलेशन बनाने की डिमांड की थी। इसके बदले में वो बच्चे का एडमिशन करा देता। हालांकि बाद में महिला ने किसी दूसरे कर्मचारी की मदद से बच्चे का एडमिशन करा लिया। उस समय महिला ने डर और लोकलाज के भय से किसी को इस बारे में नहीं बताया था। लेकिन अब वो पुलिस के पास जाकर शिकायत करने तैयार है।
इस बीच शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने डीईओ से पूरे मामले की जानकारी ली और क्लर्क नवीन को नौकरी से बर्खास्त करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही निजी स्कूलों में एडमिशन के लिए हो रही गड़बड़ियों की जांच कराने की बात भी कही है।
महिला ने मीडिया के सामने आकर बताया कि क्लर्क नवीन ने लगभग धमकी भरे अंदाज में कहा था कि बच्चे के एडमिशन पर 30000 रुपए खर्च होंगे। अगर पैसे नहीं दे सकते, तो ही महीने एक बार उसके पास आना होगा।
शुरुआती जांच में पता चला कि नवीन ब्लॉक एजुकेशन आफिसर कार्यालय में RTE से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देख रहा था। यहां पर वो डेपुटेशन पर था। उसकी मूल नियुक्ति राजकीय स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट बेस पर लैब असिस्टेंट के तौर पर है। सोनीपत की खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मंजू ने इसे बेहद शर्मनाक घटना बताया है। उन्होंने निजी स्कूलों में पहले राउंड में हुए एडमिशन की रिपोर्ट मांगी है।
क्लर्क नवीन के खिलाफ एक महिला ने सिविल लाइन थाना में FIR दर्ज कराई है। जब वो अपनी बेटी का RTE के तहत एडमिशन के सिलसिले में नवीन से मिली, तो उसने 30000 रुपए की डिमांड की। पैसे न होने पर उसके साथ कुछ घंटे गुजारने का आफर किया था। महिला ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है।
यह भी पढ़ें
हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।