
CG Semi Sanand: हरक्यूलिस साइकिल का नाम लगभग हर भारतीय ने सुना है। इस मशहूर ब्रांड की शुरुआत वर्ष 1949 में चेन्नई स्थित मुरुगप्पा ग्रुप और ब्रिटेन की ट्यूब इन्वेस्टमेंट्स कंपनी की साझेदारी से बनी टीआई साइकिल्स ऑफ इंडिया के साथ हुई थी। वर्ष 1951 में तत्कालीन भावनगर रियासत के अंतिम शासक और मद्रास राज्य के गवर्नर श्री कृष्णकुमारसिंह जी गोहिल ने कंपनी की 'टीआई साइकिल्स ए' फैक्ट्री का उद्घाटन किया था। इसी फैक्ट्री से हरक्यूलिस साइकिल का उत्पादन शुरू हुआ, जो आगे चलकर देश का लोकप्रिय ब्रांड बन गया।
अब यही मुरुगप्पा ग्रुप भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। 4 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में सीजी सेमी के व्यावसायिक उत्पादन की शुरुआत की। सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की सहयोगी कंपनी सीजी सेमी प्राइवेट लिमिटेड ने करीब 7600 करोड़ रुपये के निवेश से आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा स्थापित की है।
सीजी सेमी भारत की सीजी पावर, जापान की रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स और थाईलैंड की स्टार माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स का संयुक्त उद्यम है। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी सीजी सेमी की है। रेनेसास कंपनी तकनीकी सहयोग देने के साथ साणंद में बनने वाली चिप्स भी खरीदेगी। अब यहां बड़े स्तर पर चिप्स का उत्पादन कर देश और विदेश की जरूरत पूरी की जाएगी।
ये भी पढ़ें- हिमाचल में पहाड़ बना काल! चलते-चलते टैक्सी पर टूटा मलबा, 13 लोगों की दर्दनाक मौत
कंपनी ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्लांट फ्लोर पर अधिकांश मशीन संचालन महिलाओं को सौंपने की योजना बनाई है। वर्तमान में गुजरात सहित कई राज्यों से आई महिला कर्मचारी यहां कार्यरत हैं और भविष्य में भी मशीन ऑपरेशन का बड़ा हिस्सा महिलाएं ही संभालेंगी।
महिला कर्मचारियों को आधुनिक सेमीकंडक्टर तकनीक का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए कंपनी ने उन्हें तीन महीने के प्रशिक्षण हेतु मलेशिया भेजा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे अब मशीनों का स्वतंत्र रूप से संचालन करने में सक्षम हैं।
ये भी पढ़ें- गुजरात में रेड अलर्ट: एक जगह रुका खतरनाक भंवर, भारी बारिश का खतरा, अगले 24 घंटे अहम
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.