मुख्यमंत्री ने मुरैना में भारत रत्न स्व. वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण

Published : Feb 19, 2025, 11:33 AM IST
MP Atal Bihari

सार

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने मुरैना में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अटल जी को राजनीति का मर्मज्ञ और सच्चाई का पुजारी बताया। साथ ही, मुरैना के विकास के लिए 30 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही मुरैना में नया इतिहास लिखा गया है। स्व. वाजपेयी राजनीति के मर्मज्ञ थे। वे सदैव सच्चाई के लिए जिये। वे पूरे भारत को अपना परिवार मानने वाले विराट हृदय व्यक्तित्व थे। स्व. वाजपेयी लोकतांत्रिक परम्पराओं का पालन करने वाले कालजयी महापुरूष थे। उनकी सहजता, सरलता, विन्रमता और उनके जीवन मूल्य हमें आज भी जीना सिखाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मुरैना में अटल जी की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह को नहीं देखा, पर अटल जी को करीब से देखा है। उन्हें शत-शत नमन है। देश को लोकतंत्र का एक नायक अटल जी के रूप में मिला। कोई नेता पक्ष में हो या विपक्ष में, एक जैसी भाषा बोले, ये हमने अटल जी के व्यक्तित्व में ही देखा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया था। अटल जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने 50 साल तक विपक्ष में बैठकर लोकतंत्र और संसदीय परम्पराओं को सशक्त करने का अभूतपूर्व कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी ने अपनी कविता में कहा था कि “क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो भी मिला, ये भी सही और वो भी सही।" स्व. वाजपेयी के योगदान को हमारा देश कभी नहीं भूल पाएगा। पावर्ती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) और केन-बेतवा (केबी) नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना उन्हीं की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनकी सोच को हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने क्रियान्वित किया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने 70 हजार करोड़ रूपए की नदी जोड़ो परियोजना से मध्यप्रदेश में जल संग्रहण का एक नया अभियान शुरू किया है।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की मांग पर मुरैना नगर निगम की सीमा क्षेत्र से लगी 13 ग्राम पंचायतों के सभी गांवों में जरूरी विकास कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपए और मुरैना शहर में इलेक्ट्रिसिटी पोल शिफ्टिंग कार्य के लिए 10 करोड़ रूपए विकास राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुरैना शहर में बोट क्लब के साथ जहाँ जरूरी हैं, वहाँ सड़कें भी बनाई जाएंगी।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मुरैना आगमन यहां के विकास में चार चांद लगाएगा। स्व. वाजपेयी की प्रतिमा जनसेवा में लगे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा देगी। अटल जी ने अपने कार्यों से देश के करोड़ों लोगों के हृदय में स्थान बनाया था। वे हमेशा कहा करते थे कि सत्ता पाना नहीं, वरन् शक्तिशाली, समृद्ध, समर्थ और विकसित भारत का निर्माण ही हमारी मंजिल होना चाहिए। ऐसा भारत जिसमें समरसता हो, यह उनका लक्ष्य था। हर दल के नेताओं को अटल जी के विचारों को समझना और पढ़ना चाहिए। जो अटल जी से प्रेरणा लेगा, वो जीवन पथ में बहुत आगे जाएगा। श्री तोमर ने कहा कि वे स्वयं राजनीति में अटल जी को अपना आदर्श मानते हैं।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

MP : पति ने शेयर किया अपने बेडरूम का 13 मिनट का Video, पत्नी बोली-दरिंदा है ये
CCTV फुटेज ने MP पुलिस की साख पर लगाया दाग, बर्बाद करने चले थे बेगुनाह छात्र की जिंदगी