बिहार चुनाव में गरजे सीएम मोहन यादव: बोले- कांग्रेस के पास न नीति, न नीयत, बस वोट की भूख है

Published : Nov 02, 2025, 07:24 PM IST
cm mohan yadav attack on congress

सार

Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मधुबनी और पटना में एनडीए प्रत्याशियों के लिए रोड शो किया। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और भगवान राम के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। 

CM Mohan Yadav in Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार जोरों पर है। इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 2 नवंबर को मधुबनी और पटना जिलों में जबरदस्त प्रचार किया। उन्होंने मधुबनी की फुलरास विधानसभा से चुनाव लड़ रहीं शीला कुमारी और पटना की फतुहा विधानसभा से मैदान में उतरीं रूपा कुमारी के लिए रोड शो किया और जनता से खुलकर समर्थन मांगा। जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में उतरने का अधिकार ही नहीं है, क्योंकि उसकी नजर सिर्फ वोट पर है, जनहित पर नहीं। उन्होंने लोगों से कहा, 'जब कांग्रेसी आपके घर आएं और कहें कि वे भगवान राम के भक्त हैं, तो उनसे सवाल कीजिए, अगर सच में भक्त हैं तो मथुरा में भगवान कृष्ण के मंदिर के निर्माण का समर्थन करें।' सीएम यादव ने कहा कि ये चुनाव परिवारवाद और राष्ट्रवाद के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा, 'आपका जोश बता रहा है कि जब नतीजे आएंगे तो हमारी बहनें विजयी होंगी। आइए हम सब संकल्प करें कि जब तक एक-एक वोट हमारे पक्ष में नहीं पड़ जाए, तब तक शांति से नहीं बैठेंगे।'

बिहार में स्टार प्रचारक की भूमिका में मोहन यादव

इन दिनों डॉ. मोहन यादव बिहार चुनाव में एनडीए के स्टार प्रचारक की भूमिका निभा रहे हैं। जनसभा में उन्होंने कहा कि मधुबनी का नाम सुनते ही मन प्रसन्न हो जाता है। यहां की मधुबनी पेंटिंग और राजसी पाग (पगड़ी) की अपनी अलग ही पहचान है। उन्होंने कहा, 'आज यहां का माहौल वैसा ही है जैसा चुनावी उत्साह में होना चाहिए। बड़ी संख्या में हमारी माताएं और बहनें यहां मौजूद हैं। शीला बहन आपकी परखी हुई उम्मीदवार हैं। वे घर के कामकाज से लेकर मंत्रालय तक सब संभाल सकती हैं। भारतीय माताएं-बहनें जो भी जिम्मेदारी लेती हैं, उसे बहुत अच्छे से निभाती हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि माताएं-बहनें हमारे लिए पूजनीय हैं। दुनिया के 200 से ज्यादा देशों में केवल भारत ऐसा देश है जो पृथ्वी को ‘मातृ शक्ति’ से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार माताओं-बहनों के हित में काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा, '2029 के बाद महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33% आरक्षण मिलेगा।'

कांग्रेस पर सीएम मोहन यादव का करारा प्रहार

जनसभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, 'यह कर्पूरी ठाकुर की धरती है। अगर किसी ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया है तो वो एनडीए सरकार है। कांग्रेस ने हमेशा सिर्फ वोट मांगे, लेकिन जब भारत रत्न देने की बात आई तो अपने खानदान के बाहर किसी को नहीं देखा।' उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस ने नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तीनों को भारत रत्न दिया और सारे सम्मान अपने ही घर में बांट लिए। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग्य लोगों को भारत रत्न दिया। गरीब परिवार का कोई व्यक्ति अच्छा काम करे, तो उसे आगे बढ़ाने का काम एनडीए करता है। ये केवल एनडीए की सरकार कर सकती है।' उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भी अगर कोई भारत रत्न दे सकता है तो वो एनडीए सरकार ही थी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, यही एनडीए का मंत्र है।'

कांग्रेस को चुनाव से दूर रहना चाहिए- डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 'जब नीतीश कुमार ने बिहार की बहनों को 10,000 रुपये की सहायता दी, तो कांग्रेस परेशान हो गई। कांग्रेस को लगा कि जैसे उनकी जेब कट गई हो, वे छाती पीटने लगे। उन्होंने बहनों के लिए कभी कुछ नहीं किया।' मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो नीतीश कुमार ने 10,000 रुपये दिए हैं, आगे चलकर सभी बहनों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को भी समान भाव से देखा है। उन्होंने कहा, 'सीमा पर जवान देश की रक्षा करते हैं और खेत में किसान देश का पेट भरते हैं। मोदी जी ने किसानों को सम्मान निधि देकर पहली बार उन्हें सम्मानित किया।'

कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया- मोहन यादव

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि 'आप सभी मां सीता के ननिहाल से हैं और बिहार उनके लिए आदर का केंद्र है। इतिहास को देखते हुए कांग्रेस को तो अपना प्रत्याशी ही नहीं उतारना चाहिए था। उसने भगवान राम के साथ जो पाप किया है, उसके लिए उसे माफी मांगनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर पूछा था कि भगवान राम के जन्म का प्रमाण क्या है। कांग्रेस ने भगवान राम के मुद्दे को उलझाया। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पूरे देश ने एकता दिखाई, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान राम के जन्मस्थान पर मंदिर का भूमिपूजन किया।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'जब मंदिर बना तो देश में कोई दंगा नहीं हुआ। हिंदू और मुस्लिम दोनों ने मिलकर आनंद मनाया। लेकिन कांग्रेस के राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को किसी ने राम मंदिर जाते देखा क्या? ये लोग वहां नहीं जाएंगे, क्योंकि इनकी सोच बहुत छोटी है।' उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राम मंदिर के निर्माण में सबसे बड़ा योगदान एनडीए की सरकार का रहा है।

धार्मिक पर्यटन से बदलेगी देश की तस्वीर- डॉ. मोहन यादव

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नया बल मिला है। 'मोदी जी ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया है। इससे लोगों की जिंदगी और रोजगार दोनों बेहतर हो सकते हैं।' उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, 'उज्जैन में बाबा महाकाल लोक बनने के बाद पहले जहां हर साल 30-40 लाख श्रद्धालु आते थे, अब यह संख्या बढ़कर 7 करोड़ से ज्यादा हो गई है। अब बिहार में भी जहां-जहां माता सीता के धाम हैं, वहां भव्य तीर्थ स्थान बनाए जाएंगे।'

कांग्रेस के पाप मत भूलिए- मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, 'जब कांग्रेसी आपके घर आएं और कहें कि राम हमारे भी हैं, तो उनसे पूछिए — तुमने तो अड़ंगे लगाए थे, उनके जन्म का सबूत मांगा था। ये सारे पाप तुम्हारे हैं। अगर सच में दम है, तो अब कहो कि मथुरा में भी भव्य मंदिर बनाएंगे। लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं कहेगी, क्योंकि ये सिर्फ वोट के भूखे हैं।' उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बोलती नहीं, काम करके दिखाती है। 'हमारी पार्टी ही ऐसी है जो किसी भी कार्यकर्ता को उसकी जाति देखे बिना ऊंचा पद देती है। मैं खुद यदुवंश का हूं, फिर भी पार्टी ने मुझे विधायक, मंत्री और अब मुख्यमंत्री बनाया। दूसरी पार्टी ऐसा नहीं कर सकती।'

यह परिवारवाद बनाम राष्ट्रवाद की लड़ाई है- मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि ये चुनाव परिवारवाद और राष्ट्रवाद की सीधी टक्कर है। 'आपका उत्साह बता रहा है कि जब चुनाव का रिजल्ट आएगा, तो हमारी बहनें विजयी होंगी। आइए हम सब मिलकर संकल्प लें कि जब तक एक-एक वोट हमारे पक्ष में नहीं पड़ जाए, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।'

इसे भी पढ़ें- उज्जैन एयरपोर्ट से लेकर 2 लाख सरकारी नौकरियों तक, MP विजन डॉक्यूमेंट में क्या है खास

इसे भी पढ़ें- मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर बोले CM मोहन यादव- ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047 हर नागरिक का संकल्प’

 

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

मकर संक्रांति पर लगा खुशियों को ऐसा ग्रहण, भोपाल में एक साथ 5 लोगों की मौत
Bhopal Weather Today: भोपाल में 15 जनवरी को मौसम कैसा होगा? जानें आज के दिन-रात का हाल