
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि परिवार, रिश्तेदारों और आसपास नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा किसी व्यक्ति का जीवन बर्बाद कर सकता है। इससे बचाव के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 140वीं कड़ी भोपाल में सामाजिक न्याय संचालनालय के सभागार में दिव्यांगजनों और महिलाओं के साथ सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश में जनभागीदारी, सकारात्मक सोच और सामूहिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में नशे की लत से जूझ रहे लोगों की परेशानियों, संघर्ष और नशा छोड़ने के अनुभवों को साझा किया। इससे यह समझने का अवसर मिलता है कि नशा किस तरह व्यक्ति और उसके परिवार को प्रभावित करता है।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री के आह्वान के साथ मिलकर काम कर रही है। सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स से लोगों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से 2029 तक देश और मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।