Women's Asian Champions Trophy 2026: चीन को हराकर चैंपियन बनी भारत की बेटियां, CM मोहन यादव ने खोला खजाना

Published : Nov 29, 2026, 09:51 AM IST
womens asian champions trophy 2026 india win

सार

भोपाल में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 जीती। CM मोहन यादव ने टीम को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।

भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 28 नवंबर को भोपाल में चीन को 3-1 से हराकर वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का खिताब जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीम को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। हर खिलाड़ी को पांच-पांच लाख और सपोर्टिंग स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित भी किया।

भारत की जीत पर CM मोहन यादव ने घोषित की 1 करोड़ की प्रोत्साहन राशि

भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में आयोजित वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 3-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार जीत पर खुशी जाहिर की और खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम की सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का अवसर है। भारतीय बेटियों ने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह वास्तव में अद्भुत है।

मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारतीय टीम को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके तहत टीम की प्रत्येक महिला खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, टीम के सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन से लौटा स्वर्णिम युग का एहसास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि फाइनल मुकाबले के दौरान रोम-रोम में रोमांच का अनुभव हो रहा था। हमारी बेटियों ने शानदार मैच खेला और वास्तव में अद्भुत खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर ऐसा लग रहा है, मानो हॉकी का पुराना स्वर्णिम युग फिर से लौट आया हो। वही आनंद, उत्साह और रोमांच एक बार फिर देखने को मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का उद्देश्य खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहें। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय महिला हॉकी टीम आने वाले समय में भी देश का नाम रोशन करेगी और नई ऊंचाइयां हासिल करेगी।

मध्यप्रदेश में विश्व हॉकी कप की मेजबानी चाहता है MP

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर विश्व हॉकी संघ के अध्यक्ष तैयब इकराम का मध्यप्रदेश की ओर से स्वागत किया। उन्होंने जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व हॉकी कप के आयोजन की मेजबानी मध्यप्रदेश को देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य सरकार के पास उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं के आधार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहतर तरीके से करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विश्व हॉकी संघ मध्यप्रदेश को किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के आयोजन का अवसर देता है, तो राज्य सरकार उसे सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और राज्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए तैयार है।

खेल प्रेम, विश्वास और भाईचारे का संदेश देते हैं: CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेलों की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि वे प्रेम, विश्वास, भाईचारे और सद्भावना का संदेश देते हैं। खेल लोगों को मानवता के सूत्र में बांधते हैं और एक-दूसरे के प्रति आत्मीयता एवं सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं। खेलों के माध्यम से अलग-अलग देशों और समाजों के लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं। आपसी विश्वास और सद्भावना बढ़ती है। इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं दुनिया को जोड़ने का काम करती हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्व हॉकी संघ सहित भारत, एशिया और विश्व के सभी खेल संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस शानदार आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

PM मोदी के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी छू रहे नई ऊंचाइयां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत खेलों के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। आज हर प्रतियोगिता और हर टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश को गौरवान्वित कर रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे ओलंपिक हो, कॉमनवेल्थ गेम्स हों या एशियाई खेल, भारतीय खिलाड़ी हर मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश में एक नए स्वर्णिम युग की शुरुआत का संकेत दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की यह जीत भी इसी नए दौर का हिस्सा है। खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और मेहनत ने देश को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है।

भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता, भारत की जीत ने बनाया यादगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की इस चैंपियनशिप में हासिल की गई जीत पूरे देश का मान-सम्मान बढ़ाने वाली है। मध्यप्रदेश के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है। यह मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि इसी ऐतिहासिक आयोजन में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की जीत ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया है। उन्होंने फाइनल में भारत से हारने वाली चीन की टीम को भी बधाई दी और कहा कि चीन के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को कैबिनेट मंजूरी, CM मोहन यादव ने PM मोदी का जताया आभार
Madhya Pradesh News: समाधान ऑनलाइन में CM मोहन यादव का सख्त रुख, अधिकारियों को शिकायत पर लापरवाही पड़ी भारी