
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मनुष्य के हाथ में न तो जन्म लेना है और न ही शरीर छोड़ना। जीवन में जिन लोगों ने त्याग और संयम का रास्ता अपनाया, वे महावीर कहलाए। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में होने वाले कार्य भी कहीं न कहीं ईश्वर की इच्छा से ही पूरे होते हैं। ऐसे में हमें मिले जीवन और समय का उपयोग अच्छे कार्यों के लिए करना चाहिए।
मुख्यमंत्री रविवार को उज्जैन के माधवनगर क्षेत्र में कंट्रोल रूम के सामने स्थित श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक तपागच्छ श्रीसंघ एवं उपाश्रय ट्रस्ट के नवीन उपाश्रय भवन के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीवन में समाज और व्यवस्था, दोनों का अपना महत्व है। इसी तरह रिश्ते-नातों की भी जीवन चक्र में एक निश्चित अवधि होती है। इसलिए मनुष्य को अपने हिस्से में आए समय को सार्थक बनाने की कोशिश करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महावीर के विचार मानव जीवन को त्याग, संयम, अहिंसा और करुणा का रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में रहते हुए प्रत्येक व्यक्ति को सत्कर्म करने और समाज के लिए अपना बेहतर योगदान देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी अच्छा कार्य करना है, वह इसी जीवन में करना चाहिए। सभी जीव एक साथ आनंदपूर्वक रहें और हर प्राणी के प्रति दया तथा करुणा का भाव बना रहे, यही जीवन का महत्वपूर्ण संदेश है। मुख्यमंत्री ने समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने की जरूरत भी बताई। उन्होंने नवीन देव आश्रय एवं उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य मौजूद रहे। समाजजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री जैन श्वेताम्बर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री शीतलनाथ स्वामी के दर्शन किए और विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने समाजजनों के साथ नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया।
भूमि-पूजन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण और इससे जुड़ी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। भवन में ‘तीन धाम, एक मुकाम’ की अवधारणा के तहत मणिभद्र भगवान के मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा यहां ई-लायब्रेरी भवन बनाने की भी योजना है। नवीन उपाश्रय भवन के तैयार होने के बाद धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए समाज के लोगों को एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
भूमि-पूजन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।