
Ladli Behna 1500 Rupees: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के गुरुवाही ग्राम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी की। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,834 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की शुरुआत से अब तक 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत 23 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में 115.10 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी भेजी। पात्र महिलाओं को दो महीने की गैस रिफिल के लिए 450 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से सहायता दी गई। सरकार अब तक तीन वर्षों में गैस रिफिल अनुदान के रूप में 1,600 करोड़ रुपये की सहायता दे चुकी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उमरिया जिले में 144 करोड़ रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 87 करोड़ रुपये के 68 कार्यों का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपये के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने उमरिया में सांदीपनि विद्यालय बनाने, मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन तैयार करने और उसे सिविल हॉस्पिटल का दर्जा देने की घोषणा की। अमरपुर को तहसील के रूप में विकसित करने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात भी कही।
ये भी पढ़ें- लाड़ली बहना 41वीं किस्त आपके खाते में आई या नहीं? सिर्फ 2 मिनट में मोबाइल से ऐसे चेक करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 65 लाख महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिनमें 25 प्रतिशत लखपति दीदियां हैं। रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को 5,000 रुपये की अतिरिक्त वेतन सहायता भी दी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
ये भी पढ़ें- लाड़ली बहना योजना की किस्त अटक गई? खाते में 1500 रुपए न आएं तो तुरंत करें ये 5 काम
सरकार गोपालन, पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना में 25 गाय खरीदने पर 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। जनजातीय परिवारों को होमस्टे बनाने के लिए 3 लाख रुपये तक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र आयुष्मान कार्डधारकों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और हाथी के हमले में मृत्यु होने पर परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सरकार गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।