
भोपाल. आमतौर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ(RSS), उससे जुड़े अन्य संगठन और अनुवर्ती(follow up) संगठनों के खिलाफ बोलने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बजरंग दल के प्रति नरम रुख मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है। कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपन घोषणा पत्र में ऐलान किया था कि अगर उसकी सरकार आई, तो बजरंग दल पर बैन लगा देगी। अब जबकि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बन चुकी है, लेकिन बजरंग दल पर बैन लगाने का मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। इधर, दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं।
बजरंग दल पर बैन को लेकर दिग्विजय सिंह का बयान
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बुधवार(16 अगस्त) को कहा कि मध्य प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है, क्योंकि संगठन में कुछ अच्छे लोग हैं। बजरंग दल ने दिग्विजय सिंह के फैसले का स्वागत किया है। संगठन ने कहा कि उनका बयान राजनीतिक लाभ के लिए हो सकता है, लेकिन नेता ने आखिरकार संगठन द्वारा किए गए अच्छे काम को स्वीकार किया है।
मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव
बता दें कि मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव हैं। भोपाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीनियर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, 'अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतती है, तो हम बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाएंगे। बजरंग दल में कुछ अच्छे लोग हैं, लेकिन हम दंगों या हिंसा में शामिल किसी को भी नहीं बख्शेंगे।"
वैसे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आरएसएस, वीएचपी और बजरंग दल सहित दक्षिणपंथी संगठनों और उनके नेताओं को असामाजिक तत्व कहते रहे हैं।
कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में भाजपा के वैचारिक स्रोत आरएसएस से संबद्ध विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया था। पार्टी ने मई में चुनाव जीता लेकिन अभी तक अपने चुनावी वादे को लागू नहीं किया है।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा, ''कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के बारे में कभी कुछ नहीं कहा था। यह घोषणा केवल कर्नाटक के संबंध में की गई थी। हर राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति अलग-अलग है।”
दिग्विजय सिंह के बयान पर बजरंग दल की प्रतिक्रिया
बजरंग दल के प्रदेश नेता लोकेंद्र मालवीय ने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में हिंदुत्व का सहारा ले रही है। इसीलिए दिग्विजय सिंह ने यह बयान दिया। उन्होंने हमें बदनाम करने की बहुत कोशिश की लेकिन भारत के लोगों ने उनके एजेंडे को चलने नहीं दिया।
बजरंग दल नेता ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए भी उन्होंने इस तथ्य को स्वीकार कर लिया कि बजरंग दल राज्य के लोगों का कल्याण कर रहा है।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा, "वे (कांग्रेस) खुद को हिंदू दिखाने के लिए कुछ भी करेंगे, लेकिन कोई भी उन पर विश्वास नहीं करेगा क्योंकि वे वही (लोग) हैं जिन्होंने भगवान राम को एक कल्पना कहा था।
यह भी पढ़ें
सीमा हैदर ने तिरंगा फहराकर बोला-'पाकिस्तान मुर्दाबाद' और वंदे मातरम
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।