
भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 मई को सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क चौड़ीकरण और रामघाट पर किए जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी योजना और दूरदृष्टि के साथ विकास कार्य कर रही है, ताकि आने वाले समय में उज्जैन शहर और यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं दोनों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार हर परियोजना पर लगातार बारीकी से नजर बनाए हुए है।
विकास कार्यों के निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 30 जून को क्षिप्रा-गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे मध्यप्रदेश में सामूहिक श्रमदान का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में नदी, नहर, कुएं, बावड़ी और तालाब जैसे जल स्रोतों पर जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण का अभियान चलाया जाएगा।
सीएम ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जल शक्ति मंत्रालय के आंकड़ों का अध्ययन करते समय यह जानकारी सामने आई कि इस दिशा में प्रदेश लगातार बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी यह उपलब्धि बरकरार रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “जल ही जीवन है” और इसी सोच के साथ वर्षों पहले रामघाट से क्षिप्रा परिक्रमा और गंगा दशहरा मनाने की परंपरा शुरू की गई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली गंगा दशमी परिक्रमा भी पूरे गौरव और श्रद्धा के साथ संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राज्य सरकार जल संरचनाओं और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में इन योजनाओं को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि इन निर्माण कार्यों का लाभ लंबे समय तक मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन केवल ऐतिहासिक ही नहीं बल्कि पौराणिक महत्व का भी शहर है। उन्होंने यहां के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जनता की सराहना करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर श्रद्धा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वयं को प्रदेश का मुखिया और उज्जैन का विधायक बताते हुए सभी का अभिनंदन किया और इस सामूहिक प्रयास पर गर्व जताया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।