Sagar Liquor News: जहरीली शराब मामले में CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, अधिकारियों को फ्री हैंड

Published : Sep 09, 2026, 08:07 PM IST
mohan yadav meet sagar liquor case victims

सार

सागर जहरीली शराब मामले में CM मोहन यादव ने मरीजों से मुलाकात की। अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का फ्री हैंड देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश में जहरीली शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों का हाल जानने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितंबर को नई दिल्ली से सीधे सागर पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल जाकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति के बारे में विस्तार से बात की और बेहतर इलाज के साथ सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मरीजों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने प्रशासन को मामले में सख्त कार्रवाई के लिए पूरी छूट देने की बात कही। सरकार ने साफ संकेत दिया है कि जहरीली शराब के इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने जहरीली शराब से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी है। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूरे मामले की समीक्षा की। सीएम ने कहा कि पहले इस तरह के मामलों में कठोर सजा के पर्याप्त प्रावधान नहीं थे, लेकिन उनकी सरकार ने कानून में सख्ती बढ़ाई है। उन्होंने बताया कि कानून में धारा 49-क और 304 को शामिल किया गया है। इसके तहत दोषियों के खिलाफ हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा का प्रावधान है।

प्रशासन को फ्री हैंड, जहरीली शराब पर होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कठोर से कठोर कार्रवाई करने के लिए फ्री हैंड दिया गया है। डॉ. यादव ने कहा कि जहां भी आगे कार्रवाई की जरूरत महसूस हो, वहां भी सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने अवैध अतिक्रमण जैसे मामलों में भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि सीमा से लगे दूसरे राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संपर्क और समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह का अवैध काम करने की हिम्मत न कर सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में पूरे प्रदेश में भी निर्देश जारी किए गए हैं।

शराबबंदी के लिए धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में शराबबंदी को लेकर सरकार धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर अभियान चला रही है। उनका कहना था कि शराब के कारण किसी परिवार में पिता या पुत्र की मौत होना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की चुनौती हैं। इसलिए इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

CM मोहन यादव की कांग्रेस से अपील- राजनीति नहीं, मिलकर करें मुकाबला

मुख्यमंत्री ने जहरीली शराब के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं से भी राजनीति से ऊपर उठकर साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय एकजुटता दिखाने की जरूरत है। डॉ. यादव ने नेता प्रतिपक्ष से अपील करते हुए कहा कि सरकार और विपक्ष को मिलकर इस चुनौती का सामना करना चाहिए। उनका कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और समाज को इससे बचाने के लिए सभी पक्षों को साथ आना होगा।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Transport Department: मध्य प्रदेश में 351 बसों से शुरू हुई नई परिवहन सेवा, 2031 तक 14,981 बसों का लक्ष्य
3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे अमित शाह, 35 हजार गोपालकों के बीच देंगे कई बड़ी सौगातें