
Mohan Yadav Announcement: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 अक्टूबर को खंडवा जिले के हरसूद पहुंचे। यहां वीरांगना रानी दुर्गावती के 502वें जन्मोत्सव पर तेंदूपत्ता बोनस और काष्ठ लाभांश राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने गोंड परंपरा के अनुसार प्रकृति पूजा कर कार्यक्रम की शुरुआत की और समारोह स्थल पर बड़ादेव का विधिवत पूजन किया। इस दौरान 142.90 करोड़ रुपये की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। कार्यक्रम में 52 गढ़ों से आए राजवंशजों को खड़ग और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्र प्रथम, स्वाभिमान, नेतृत्व, नारी शक्ति, जल संरक्षण और प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार विरासत से विकास के संकल्प के साथ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने मेडिकल शिक्षा, विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप, सरकारी स्कूलों में किताबें व साइकिलें और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 39 मेडिकल कॉलेज और अस्पताल संचालित हो रहे हैं तथा 85 हजार युवाओं को सरकारी पदों पर रोजगार दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 1 लाख करोड़ रुपये की लागत से जनकल्याण के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का विस्तार जनजातीय क्षेत्रों तक करने की बात भी कही।
ये भी पढ़ें- CM Youth Conclave 2026: रोजगार से Startup तक, युवाओं के लिए CM मोहन यादव का बड़ा मंच
मुख्यमंत्री ने किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की शुरुआत, सिंचाई का रकबा पांच साल में 100 लाख हेक्टेयर से अधिक करने और हरसूद क्षेत्र में करवानी उद्वहन सिंचाई परियोजना को गति देने की बात कही। जनजातीय क्षेत्रों में 25 करोड़ रुपये के बिजली कार्य पूरे करने की घोषणा भी की।
ये भी पढ़ें- MP SIR: CM मोहन यादव की दो टूक- भ्रम और अफवाह पर ध्यान न दें, युवा जरूर दर्ज कराएं नाम
मुख्यमंत्री ने खालवा में 6 सांदीपनि विद्यालय, हरसूद में 490 सीटर कन्या छात्रावास, छात्रावासों में 34 करोड़ रुपये की रोटी मेकर मशीनें और हैवी ड्यूटी वॉटर कूलर लगाने की घोषणा की। 18 करोड़ रुपये की लागत से ई-लाइब्रेरी, 161 करोड़ रुपये में 40 नए जनजातीय छात्रावास और आश्रम स्कूलों के लिए 143 करोड़ रुपये देने की बात कही। खंडवा में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत की हाईटेक नर्सरी और हरसूद समेत जिले की सभी विधानसभाओं में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा भी की गई।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।