सीएम मोहन यादव ने SIR को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने, वोटर लिस्ट की पुष्टि करने और युवाओं से नाम दर्ज कराने की अपील की।
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लोकतंत्र के लिए जरूरी प्रक्रिया बताया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर जागरूक मतदाता अपनी जिम्मेदारी समझे और मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने में सहयोग करे।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से SIR को लेकर फैलने वाले किसी भी तरह के भ्रम या अफवाह से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग ने तय नियम और प्रक्रिया निर्धारित की है। ऐसे में सही जानकारी के लिए केवल निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा किया जाना चाहिए।
SIR और मतदाता सूची: सीएम मोहन यादव ने बताई प्रक्रिया की अहमियत
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में हर जागरूक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए मतदाता सूची का अद्यतन, पारदर्शी और विश्वसनीय होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) इसी उद्देश्य से की जा रही एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके तहत मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि सूची को अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।
SIR को लेकर भ्रम और अफवाह से बचें- CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नागरिकों से अपील की कि SIR को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने साफ कहा कि फॉर्म 6 और डिक्लेरेशन समेत पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित की गई है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी के लिए केवल निर्वाचन आयोग के आधिकारिक स्रोतों और तय प्रक्रिया को ही आधार बनाएं। किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति में अनधिकृत जानकारी पर भरोसा करने से बचना चाहिए।
18 साल पूरे कर चुके युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं- मुख्यमंत्री मोहन यादव
सीएम मोहन यादव ने खास तौर पर युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ नए मतदाता ही नहीं, बल्कि हर नागरिक को अपनी मतदाता सूची में दर्ज जानकारी और नाम की पुष्टि करनी चाहिए। इससे मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।
विश्वसनीय वोटर लिस्ट बनाने में नागरिकों की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची को सही और भरोसेमंद बनाने की जिम्मेदारी केवल निर्वाचन व्यवस्था की नहीं है। इसमें नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपनी जिम्मेदारी निभाने और SIR की निर्धारित प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया। सीएम के मुताबिक, जागरूक मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से एक विश्वसनीय और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने में मदद मिलेगी।


