
भोपाल। मध्यप्रदेश में करीब 21 साल से बंद लोक परिवहन बस सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 25 सितंबर मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प माह के दौरान लोक परिवहन सेवा की दोबारा शुरुआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेश में लोक परिवहन व्यवस्था को फिर से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को आधुनिक मॉडल के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत ई-बसों के साथ अलग-अलग तरह की बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के हर जिले और हर नगर तक पहुंचाने की योजना है। यानी आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन का दायरा सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टॉप और बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के साथ बेहतर कंट्रोलिंग व्यवस्था भी तैयार की जाएगी, ताकि बस सेवाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सके। सरकार का फोकस ऐसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था तैयार करने पर है, जिसमें यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुविधाजनक और सुगम आवागमन मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही सिटी बस सेवाओं के साथ-साथ राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों के लिए लग्जरी बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इससे मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन आसान होने के साथ देश के बड़े महानगरों और प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंच भी बेहतर होगी। इससे खासतौर पर उन यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अलग-अलग शहरों और राज्यों के बीच सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है।
मध्यप्रदेश में मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत के बाद लोक परिवहन बस सेवा की दोबारा शुरुआत को सड़क परिवहन के क्षेत्र में अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के बाद अब सुगम यातायात की सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के जरिए शहरी क्षेत्रों के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि भोपाल में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने भोपाल और मध्यप्रदेश की जनता की ओर से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने का निर्णय जनता को बेहतर सुविधा, कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।