
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मध्यप्रदेश के नक्सलवाद से मुक्त होने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से प्रदेश में नक्सलवाद का अंत हुआ है। अब नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में शांति और सुरक्षा के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भगवान श्रीराम की रावण पर विजय, अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें सकारात्मकता और संघर्ष के बाद सफलता का संदेश देता है। उन्होंने दीपक की लौ का उदाहरण देते हुए कहा कि एक छोटा-सा दीपक भी घने अंधकार को दूर करने की ताकत रखता है। उसकी छोटी सी लौ अंधेरे से संघर्ष करते हुए चारों ओर प्रकाश फैलाती है। दीपावली का यही संदेश हर व्यक्ति को आगे बढ़ने और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाना उनके प्रति सम्मान, अपनत्व और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प एवं कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। यह प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। लंबे समय से नक्सलवाद की समस्या से जूझ रहे मध्यप्रदेश के लिए यह किसी बड़ी जीत से कम नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे जिलों को वर्षों तक नक्सलवाद की समस्या का सामना करना पड़ा। इसका सीधा असर इन क्षेत्रों के विकास पर भी पड़ा और यहां विकास की गति प्रभावित रही। अब नक्सलवाद से मुक्ति के बाद इन इलाकों में शांति और सुरक्षा का माहौल तैयार किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करना और इन्हें प्रदेश के दूसरे विकसित इलाकों के बराबर लाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सलवाद प्रभावित रहे क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत इन अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने के बाद इन जिलों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। आने वाले समय में डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे क्षेत्र भी प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करेंगे। अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, आनंद और खुशहाली की कामना की।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।