
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम उज्जैन पहुंचे और सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने दोपहिया वाहन और पैदल भ्रमण कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से भी सीधे संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने वीआईपी गेस्ट हाउस (देवास रोड) से माधवनगर, टावर चौक और फ्रीगंज तक भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने फ्रीगंज ब्रिज के समानांतर बनाए जा रहे नए पुल का निरीक्षण किया और सेतु विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फ्रीगंज में बन रहे नए पुल का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जरूरी जानकारी मौके पर ही प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान शहर के नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों की राय भी सुनी और उनसे सुझाव प्राप्त किए। इसके बाद मुख्यमंत्री निजातपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर कार्यों को तय समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोयला फाटक से निजातपुरा तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनसे आत्मीय बातचीत की। रहवासियों ने मुख्यमंत्री के सहज और सरल व्यवहार की सराहना की। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और क्षेत्र की सामान्य समस्याओं एवं विकास कार्यों पर उनसे चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री कंठाल चौराहे स्थित एक प्रसिद्ध मिष्ठान्न दुकान पर भी पहुंचे। वहां उन्होंने दुकान संचालक से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उसी समय दुकान पर जलेबी बनाई जा रही थी। दुकान संचालक के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं जलेबी बनाई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय का आनंद भी लिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को लेकर चल रहे कई निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता विकास कार्यों से संतुष्ट दिखाई दे रही है और लंबे समय से जिन परियोजनाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, उन पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में निर्माण कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा ताकि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्री महाकालेश्वर की सावन और भादौ माह की पारंपरिक सवारी के प्रबंधन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।