MP News: भोपाल में अटल जी की प्रतिमा का अनावरण, CM मोहन यादव ने कही बड़ी बात

Published : Sep 22, 2026, 09:06 AM IST
mohan yadav unveiled Atal Bihari Vajpayee statue in Govindpura bhopal

सार

CM मोहन यादव ने भोपाल में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने अटल जी को लोकतंत्र, सुशासन और राजनीतिक शुचिता का प्रतीक बताया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दिखाई। अटल जी भारतीय राजनीति और राष्ट्रजीवन के गौरव हैं। उनका पूरा जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा है और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात सोमवार को भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक प्रक्षेत्र स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिष्ठान के मोनो का भी लोकार्पण किया।

Atal Bihari Vajpayee: शुचिता, विनम्रता और राष्ट्रवाद की मिसाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का जीवन सभी के लिए मार्गदर्शक प्रकाशपुंज है। वे राजनीतिक शुचिता और विनम्रता के प्रतीक थे। उनके राष्ट्रवाद और सुशासन के आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके व्यक्तित्व में लोककल्याण और राजनीतिक शुचिता हमेशा प्रमुख रहे। राजनीति में शुचिता, विचारों में दृढ़ता और व्यवहार में सौम्यता—इन तीनों गुणों का अनूठा मेल उनके व्यक्तित्व की पहचान था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने सत्ता में रहते हुए भी और विपक्ष में रहते हुए भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उदाहरण सामने रखा। उन्होंने यह संदेश दिया कि सत्ता और सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन देश और लोकतंत्र की मजबूती सबसे ऊपर होनी चाहिए।

Atal Bihari Vajpayee Political Legacy: सत्ता से ज्यादा देश और लोकतंत्र को महत्व

डॉ. मोहन यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी के संसदीय जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने संसद में स्पष्ट रूप से कहा था कि सत्ता आती-जाती रहती है और सरकारें भी बदलती रहती हैं, लेकिन देश बना रहना चाहिए और लोकतंत्र कायम रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात भारतीय लोकतंत्र की गरिमा और अटल जी के व्यक्तित्व की ऊंचाई को बताती है। नई पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि देश में ऐसे नेता भी रहे, जिन्होंने सरकार के मुखिया के साथ-साथ विपक्ष के नेता के दायित्वों का भी आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अटल जी ने विपक्ष में रहते हुए लंबे समय तक विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी निभाई। आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था पर संकट आया, तब उन्होंने करीब 19 महीने जेल में बिताए थे।

Atal Bihari Vajpayee के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रहा राष्ट्रहित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय राजनीति में यह परंपरा रही है कि जब देश के सामने कोई बड़ा संकट आता है, तो राजनीतिक दलों के मतभेद पीछे छूट जाते हैं और सभी राष्ट्रहित में एकजुट होकर खड़े होते हैं। उन्होंने बांग्लादेश युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में जब युद्ध चल रहा था, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने खुले तौर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री और सरकार का समर्थन किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के दिखाए रास्ते, उनके राष्ट्रवाद और सुशासन के मॉडल को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में अटल जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना सभी की जिम्मेदारी है।

Atal Bihari Vajpayee Statue: निजी प्रतिष्ठान में प्रतिमा लगाने पर जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निजी प्रतिष्ठान के स्वामी त्रिलोकी अग्रवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपने प्रतिष्ठान परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित कर उन्होंने समाज को उनके प्रेरणादायी जीवन और विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके विचार देशसेवा, जनसेवा और राष्ट्रहित के व्यापक दृष्टिकोण को सामने रखते हैं।

Kaptan Singh Solanki ने कहा- प्रतिमा नहीं, प्रेरणा पुंज का हुआ अनावरण

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के मुख्य सेवक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्वयं को देश का प्रधान सेवक मानते हैं और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याण का संकल्प लिया गया है। सोलंकी ने कहा कि जनता की भलाई के बिना जनसेवा का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता और जनसेवा के जरिए ही सुशासन की स्थापना होती है। उन्होंने कहा कि यहां अटल जी की केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं हुआ, बल्कि एक प्रेरणा पुंज का अनावरण हुआ है।

Golden Quadrilateral: अटल जी के विकास मॉडल का किया जिक्र

पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि देश को एक सूत्र में जोड़ने के साथ हर व्यक्ति को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों पर ध्यान देना चाहिए। अटल जी के लिए राष्ट्र हमेशा सर्वोपरि रहा। उन्होंने कहा कि देश को बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने स्वर्णिम चतुर्भुज राजमार्ग योजना शुरू की थी। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में काम हुआ। उन्होंने गांवों तक पक्की सड़कें पहुंचाने और देश की नदियों को जोड़ने की योजना के विचार का भी उल्लेख किया।

सोलंकी ने कहा कि अटल जी भारत को केवल भौगोलिक सीमा के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्रपुरुष के रूप में देखते थे। कार्यक्रम में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था का भी उल्लेख किया और कहा कि देश की जीडीपी विकास दर 7.8 प्रतिशत की गति से आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार यह दर चीन और अमेरिका से भी अधिक है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Gwalior Telecom Zone: ग्वालियर में टेलीकॉम उद्योग का नया हब! बेंगलुरु में होगी CM मोहन यादव की बड़ी बैठक
रीवा के खेतों की बदलेगी तस्वीर? नर्मदा जल से सिंचाई का विस्तार, जानिए स्लीमनाबाद टनल का अपडेट