
Madhya Pradesh Civil Services Day: राष्ट्रीय लोक सेवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिविल सेवा को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि लोक प्रशासन का मूल मंत्र है - "लोगों की हर संभव तरीके से सेवा"। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 लोकसेवकों को ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
डॉ. यादव ने कहा कि सिविल सेवकों को अपने अधिकारों का सदुपयोग करते हुए कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझें और उनके समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा,"लोक सेवा एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा, समर्पण और मनोयोग से निभाना आवश्यक है। एक कुशल सिविल सेवक वही है, जो शासन के नियमों का पालन करते हुए जनता की कठिनाइयों का समाधान भी प्रदान करे।"
मुख्यमंत्री ने सभी लोकसेवकों से आह्वान किया कि वे पारदर्शिता और जन-जवाबदेही को शासन व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को ‘विकसित भारत@2047’ के दृष्टिकोण से और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के लिए चयनित 16 सिविल सेवकों को नवाचार और उत्कृष्ट प्रशासन के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों को ₹1 लाख की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सिविल सेवा दिवस के अवसर पर प्रशासन अकादमी में नरोन्हा व्याख्यान श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश भर से अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। मुख्य वक्ता डॉ. दीपक बागला ने विकसित भारत के संदर्भ में सुशासन के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. यादव ने चाणक्य और सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रशासनिक योगदान को भी रेखांकित किया और लोकसेवकों से ‘डिग्निटी, इंटीग्रिटी और इंकरप्टिबिलिटी’ जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: जल में उतरे मुख्यमंत्री, घाट की सफाई कर क्षिप्रा मैया से लिया आशीर्वाद बोले, ये सिर्फ सफाई नहीं, संकल्प है!
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।