My Youth My Pride Conclave 2026: इंदौर से CM मोहन यादव का युवा मिशन लॉन्च, रोजगार से शिक्षा तक बड़ी घोषणाएं

Published : Jul 11, 2026, 04:24 PM IST
My Youth My Pride Conclave 2026 indore cm mohan yadav

सार

इंदौर में माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, राहवीर योजना और 2027 को युवा वर्ष बनाने का बड़ा संदेश दिया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनके सपनों और बेहतर कल के निर्माण के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और मध्यप्रदेश भी युवाओं की सबसे बड़ी शक्ति वाला प्रदेश है। ऐसे में युवाओं को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाकर प्रदेश और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री शनिवार, 11 जुलाई को इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026' को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान युवाओं ने विकसित और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के उद्देश्य से तैयार "युवा संकल्प पत्र" का प्रारूप मुख्यमंत्री को सौंपा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

Youth Empowerment MP: रोजगार, शिक्षा और स्टार्टअप के लिए सरकार की कई योजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि होम स्टे शुरू करने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण की व्यवस्था को आसान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रोजगार आधारित उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को प्रत्येक श्रमिक के वेतन पर सरकार की ओर से 5 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

Rahveer Yojana: सड़क हादसों में मदद करने वालों को 25 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राहवीर योजना शुरू की है, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की समय पर मदद करने वाले नागरिकों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। इसके अलावा गंभीर परिस्थितियों में गरीब और जरूरतमंद लोगों को पीएमश्री एयर एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

Chandrashekhar Azad से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मदनलाल ढींगरा और क्रांतिसूर्य टंट्या मामा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेकर समाज और देश के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले के भाभरा में जन्मे चंद्रशेखर आजाद ने अपने जीवनकाल में अंग्रेजों के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और टंट्या मामा ने भी ब्रिटिश शासन को कड़ी चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि मेहनत और संघर्ष से ही सफलता मिलती है। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी अपने करियर की शुरुआत एक साधारण नौकरी से की थी और बाद में बड़ा उद्योग खड़ा किया।

MP Development: केन-बेतवा लिंक परियोजना समेत कई विकास कार्यों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए वित्तीय समावेशन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के जीरो बैलेंस बैंक खाते खुलवाकर आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा गया। उन्होंने बताया कि इंदौर को नर्मदा जल उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पीकेसी परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी सोच के साथ वर्ष 2027 को युवा शक्ति को समर्पित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक सरकार को हमेशा जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए।

MP Youth Conclave 2026: प्रमुख सचिव ने युवाओं को बताया विकसित भारत की ताकत

कार्यक्रम में उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आजाद बाइक रैली को रवाना किया, जो अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में पांच अलग-अलग विषयों पर युवाओं ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प युवाओं के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में चाय सुट्टा बार के सह-संस्थापक अनुभव दुबे ने आभार व्यक्त किया।

Youth Sankalp Patra: शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और प्राकृतिक खेती पर युवाओं के सुझाव

कार्यक्रम में कशिश आहूजा और संकल्प सिंह चौहान ने शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए, जबकि अमीक अमानी ने खेल क्षेत्र से संबंधित संकल्प पत्र का वाचन किया। डॉ. महक भंडारी ने कहा कि आभा आईडी के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी सभी रिपोर्ट अब डिजिटल रूप में मोबाइल पर उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने युवाओं से सिंहस्थ आयोजन में स्वास्थ्य स्वयंसेवक के रूप में योगदान देने की अपील की। सानिया जसवानी ने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं में नवाचार और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। वे विकसित मध्यप्रदेश-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

लखन पाटीदार और जितेंद्र पाटीदार ने प्राकृतिक खेती को भविष्य की जरूरत बताते हुए कहा कि युवा डिजिटल मार्केटिंग के जरिए अपने कृषि उत्पादों का ब्रांड तैयार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण हाट बाजारों में अब प्राकृतिक खेती के उत्पादों की मांग बढ़ रही है। उद्यानिकी विभाग द्वारा पॉलीहाउस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे संरक्षित खेती कर प्रतिकूल मौसम में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

कौन हैं नरोत्तम मिश्रा? जिनको टिकट ना मिला तो उग्र हो गई दतिया की जनता
नरोत्तम मिश्रा का क्यों कटा टिकट, आशुतोष कैसे मोदी-शाह की बने पहली पसंद, जानिए 5 कारण